देश दुनिया वॉच

ED दफ्तर के बाहर मुख्यमंत्री भूपेश हिरासत में:दिल्ली पुलिस से सीएम सुरक्षा अधिकारियों की नोकझोंक, विधायक विकास उपाध्याय भी गिरफ्तार

Share this

प्रवर्तन निदेशालय- ED के बाहर प्रदर्शन कर रहे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस दौरान मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारियों के साथ दिल्ली पुलिस की तीखी नोकझोंक भी हुई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे। ऐसे ही एक प्रदर्शन में शामिल रायपुर से कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय को भी दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

 

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सुबह 10 बजे ही दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुच गए थे। वहां प्रेस से बात करते हुए उन्होंने कहा, केंद्र सरकार, सरकारी संस्थाओं के माध्यम से कांग्रेस के नेताओं को डराने की कोशिश कर रही है। हम डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर केंद्र की सरकार द्वारा की जा रही नफरत और डर की राजनीति को जनता तक पहुंचाएंगे। कांग्रेस, केंद्र सरकार द्वारा बढ़ाई गई महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाएगी। कांग्रेस मुख्यालय में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित सभी बड़े नेता मौजूद थे। कुछ देर बाद वहां राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी पहुंचे। बाद में सभी लोग राहुल गांधी के साथ ही प्रवर्तन निदेशालय की ओर रवाना हुए। पुलिस की बेरीकेडिंग की वजह से प्रदर्शन कई टुकड़ों में बंट गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को एक दफ्तर के बाहर सड़क पर डिटेन कर लिया गया। वहां पुलिस ने भारी बेरीकेट, गाड़ियां लगाई थीं। वहीं मुख्यमंत्री के चारो तरफ रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों की भारी तैनाती कर उनका कहीं भी जाना रोक दिया गया। मुख्यमंत्री के साथ मौजूद छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों ने उनको सुरक्षा घेरे में ले लिया। इस बीच दिल्ली पुलिस के अधिकारी सीएम को अपने साथ ले जाने की बात कहने लगे। मुख्यमंत्री ने कहा, पुलिस उनके सुरक्षा अधिकारी से बात करे। बाद में मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारी ने साफ शब्दों में कह दिया कि वे लोग सीएम को किसी दूसरी गाड़ी में नहीं ले जाने  देंगे। उनकी गाड़ी मगाई जाए, वे सीएम को ले जाएंगे। बाद में पुलिस सीएम सुरक्षा की गाड़ी मगाने को तैयार हुई।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *