प्रांतीय वॉच

रेप के आरोप में 4 महीने से था बंद, दीवार फांदकर भागा आरोपी; जेल प्रहरी निलंबित

Share this

मुंगेली। जिले की जेल से रेप का आरोपी भाग निकला है। 4 महीने से बंद आरोपी शुक्रवार शाम को दीवार फांदकर भाग निकला है। प्रबंधन को इस बात का पता तब चला,जब दूसरे कैदियों ने इसकी जानकारी दी। इसके बाद उसकी तलाश की गई, मगर उसका कुछ पता नहीं चल सका है।

प्रबंधन ने फरार आरोपी के खिलाफ शनिवार को कोतवाली में केस दर्ज कराया है। वहीं ड्यूटी पर तैनात जेल प्रहरी मंगतराम नेताम को निलंबित कर दिया गया है। आरोपी के भागने के बाद केंद्रीय जेल अधीक्षक एस एस तिग्गा ने जेल का दौरा भी किया है।

बताया गया है कि जिले के निवासखार निवासी राजेश उइके मुंगेली उप जेल में पिछले चार महीने से बंद था। उसे रेप के मामले में गिरफ्तार किया गया था। अभी उसका मामला कोर्ट में चल रहा है। इस बीच शुक्रवार को दोपहार के वक्त राजेश उइके जेल की दीवार फांदकर भाग गया।

घटना को लेकर जेल अधीक्षक नंदकुमार शर्मा ने बताया कि वह 3 बजे खाना खाने के लिए घर गए हुए थे। तभी उन्हें फोन पर राजेश के भागने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद शाम तक उसका पता लगाया गया। मगर उसका कुछ पता नहीं चल सका। इस पर शनिवार को उसके खिलाफ कोतवाली में केस दर्ज कराया गया है।

इस मामले की जानकारी सीनियर अधिकारियों को लगी तो केंद्रीय जेल अधीक्षक एस एस तिग्गा ने शनिवार को जेल का दौरा किया है। उन्होंने बताया कि जेल प्रहरी की ड्यूटी उस समय वहीं लगी थी, जहां से कैदी भागा है। इस मामले में जेल प्रहरी की लापरवाही उजागर हुई है। जिसके बाद उसे निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा घटना के बाद जांच के लिए मैंने जेल का निरीक्षण किया है। हम अभी जेल के अंदर और क्या बेहतर हो सकता है, जिससे इस तरह की घटनाएं फिर से न हो, इसके लिए प्रयास कर रहे हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *