- इस बार 100 से अधिक लोगों ने पटाखा दुकान लगाने के लिए जमा किया है आनलाइन आवेदन
बिलासपुर: दीपावली त्योहार के अवसर पर पटाखा दुकान लगाने वाले नए व्यवसायियों से जिला प्रशासन ने आनलाइन आवेदन मंगाना शुरू किया है। आनलाइन आवेदन प्रक्रिया में तकनीकी दिक्कतों की वजह से अब नए लाइसेंस के लिए लोगों को आफलाइन आवदेन जमा करने कहा जा रहा है। पटाखा दुकान लगाने के लिए तकरीबन 106 नए व्यवसायियों ने आनलाइन आवेदन जमा किया है।
तकनीकी दिक्कतों के कारण आनलाइन आवेदन स्वीकार नहीं हो पा रहा है। इसके चलते अस्थाई व स्थाई लाइसेंस देने की प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हो पा रही है। तकनीकी दिक्कतों की वजह से अब जिला प्रशासन ने नए लाइसेंस लेने वालों से आफलाइन आवेदन मंगाना शुरू किया है।जानकारी के अनुसार पटाखा दुकान के लाइसेंस नवीनीकरण के लिए 169 व्यावसायियों ने आवेदन जमा किया है। अधिकांश का लाइसेंस जिला प्रशासन ने नवीनीकरण कर दिया है। नए लाइसेंस को लेकर तकनीकी कारणों से विलंब हो रहा है। इसके चलते नए पटाखा व्यावसायियों की दिक्कतें कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है।
दो प्रमुख जगहों पर लगता है बाजार
जिला प्रशासन ने गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल दयालबंद व बुधवारी बाजार में पटाखा दुकान लगाने के लिए आरक्षित किया है। हर वर्ष इन्हीं जगहों पर दुकान लगाई जाती है। गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में नगर निगम द्वारा दुकान आवंटन के लिए व्यावसायियों के बीच लॉटरी निकाली जाती है। इसके आधार पर व्यावसायियों को जगह का आवंटन किया जाता है। निर्धारित जगह पर व्यावसायी दुकान लगाते हैं।
शर्तों का करना होता है पालन
पटाखा व्यावसायियों को दुकान लगाने के दौरान तय नियमों का पालन करना जरूरी होता है। अग्निशमन के साथ ही अन्य व्यवस्था करनी पड़ती है।
125 व्यवसायियों का लाइसेंस हुआ नवीनीकरण
दीपावली के अलावा तुलसी पूजा के अवसर पर पटाखा दुकान लगाने के लिए 125 व्यवसायियों ने अपना लाइसेंस नवीनीकरण करा लिया है। जाहिर है इतनी दुकानें लगनी हंै। इसके अलावा नए लाइसेंसी भी इस बार पटाखा व्यवसाय में आ रहे हैं।

