क्राइम वॉच

शहर के मुख्य मार्केट में सरेराह चेन स्नेचिंग, महिला के गले से सोने की चेन लूट ले गए बाइकर्स, जांच में जुटी पुलिस 

Share this

बिलासपुर: सिविल लाइन क्षेत्र के व्यस्त क्षेत्र अग्रसेन चौक स्थित श्रीराम क्लाथ मार्केट के सामने मेन रोड पर बाइक सवार दो युवकों ने महिला के गले से सोने का चेन लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइकर्स युवक फरार हो गए। पुलिस इस मामले में अपराध दर्ज कर लुटेरों की पतासाजी कर रही है। पुलिस के अनुसार राहुल अग्रवाल पिता छगनलाल अग्रवाल जांजगीर के नेताजी चौक में रहते हैं। वे किराना दुकान संचालक हैं। गुरुवार की शाम वे अपनी पत्नी नीतू अग्रवाल, मां पुष्पा अग्रवाल को लेकर खरीदारी करने बिलासपुर आए थे।

इस दौरान उन्होंने श्रीशिवम माल में कपड़ों की खरीदारी की। इसके बाद मेचिंग की चुन्नी लेने के लिए पैदल अग्रसेन चौक स्थित श्रीराम क्लाथ मार्केट जाने के लिए निकले। अभी उनकी मां व पत्नी श्रीराम क्लाथ मार्केट के पास पहुंचे थे। घटना रात करीब 9.13 बजे की है। उसी समय पल्सर सवार दो युवक आए और उनकी मां पुष्पा अग्रवाल के गले से सोने का चेन व लाकेट लूटकर भाग निकले। सोने की चेन व लाकेट का वजन ढाई तोला है। इस घटना के बाद उन्होंने आसपास के लोगों से मदद मांगी। लेकिन, बाइकर्स दूर भाग गए थे। उन्होंने आसपास पतासाजी की। फिर इस घटना की सूचना पुलिस को दी। उनकी रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 392 के तहत लूट का अपराध दर्ज कर लिया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

लूट की इस वारदात की खबर मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस आसपास के संस्थानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने बताया कि फुटेज के जरिए संदेहियों व उनकी बाइक की आसानी से पहचान की जा सकती है। उम्मीद है कि लुटेरे शीघ्र पकड़े जाएंगे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *