क्राइम वॉच

बेटे ने कुल्हाड़ी से गला काटकर बाप को मार डाला, सुबह खून से लथपथ मिली लाश, आरोपी गिरफ्तार

Share this

बिलासपुर : बिलासपुर में एक युवक ने अपने पिता की हत्या कर दी। युवक ने कुल्हाड़ी से वार कर पिता का गला काट दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि रात को पिता-पुत्र दोनों साथ में ही सोए थे। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत रिंगवार के आश्रित ग्राम पिपरपारा निवासी भावन सिंह (60) और उसका बेटा सियाराम (30) सोमवार रात खाना खाने के बाद साथ में ही आंगन में सोए हुए थे। अगले दिन मंगलवार सुबह परिजन सोकर उठे तो आंगन में भावन सिंह की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। इस बीच परिजनों को पता चला कि भावन सिंह की हत्या सियाराम ने ही की है तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

कुल्हाड़ी से गले, सिर, हाथ और पीठ पर किया वार
पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है। भावन सिंह के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। रतनपुर थाना प्रभारी हरविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी पुत्र सियाराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है। कुल्हाड़ी से भावन के ऊपर लगातार कई वार किए गए हैं। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *