प्रांतीय वॉच

जंगल व दुर्गम रास्तों को तय कर पहुंचविहीन गांव दमकोड़ा पहुंचा स्वास्थ्य अमला

Share this
  • शिविर लगाकर की मौसमी बीमारी और गैर संचारी रोगों की जांच, कोविड का टीका भी लगाया

आफताब आलम/बलरामपुर : विकासखण्ड शंकरगढ़ के अंतर्गत पहुंचविहीन और दुर्गम क्षेत्र “दमकोड़ा“ में स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर लगाकर गैर संचारी व मौसमी बीमारियों की जांच की गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र डीपाडीहकला की टीम द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाने से इन इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को सीधा फायदा मिला है। साथ ही इस दौरान लोगों का कोविड वैक्सीनेशन भी किया गया। बरसात के मौसम में प्रशासन पहुंचविहीन व दुर्गम क्षेत्रों को चिन्हित कर जलजनित बीमारियों व मौसमी बीमारियों आदि के प्रभावी नियंत्रण के लिए प्राथमिकता के साथ कार्य कर रहा है। साथ ही कोविड वैक्सीनेशन के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम इन इलाकों का लगातार दौरा कर रही है। इसीक्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र डीपाडीहकला के नवपदस्थ चिकित्सक डॉ. आकाश सक्सेना के नेतृत्व में टीम जंगल व दुर्गम रास्तों को तयकर दमकोड़ा पहुंची। जहां उन्होंने शिविर लगाकर लोगों की जांच की और 42 लोगों को विभिन्न बीमारियों के लिए सलाह व निःशुल्क दवाईयां दी गई। शिविर में रक्तचाप के 07, मधुमेह के 02, मोतियाबिंद 04, एएनसी चेकअप के 02 व मानसिक बीमारी से जुड़े एक व्यक्ति सहित समान्य मौसमी बीमारियों का इलाज किया गया। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा जलस्त्रोतों में ब्लीचिंग पाउडर डाला गया तथा ग्रामीणों को ब्लीचिंग पाउडर प्रदाय भी किया। जिले के भौगोलिक स्थिति को देखें तो कुछ इलाके ऐसे हैं जहां पहुंच सुगम नहीं है, ऐसे में प्रशासन इन इलाकों को चिन्हित कर अपनी पहुंच बनाते हुए लोगों को सीधा लाभान्वित कर रहा है, जो सराहनीय है। यहां कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों ने भी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपने दायित्वों को बखूबी निभाया है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *