देश दुनिया वॉच

ADGP जीपी सिंह का विवादों से है पुराना नाता,​​​​​​ SP राहुल शर्मा की आत्महत्या में भी जुड़ा नाम, बस्तर से 100 ग्रामीणों को नक्सली बताकर ले आए थे रायपुर

रायपुर: ACB के शिकंजे में फंसे छत्तीसगढ़ के IPS अफसर ADGP जीपी सिंह का विवादों से पुराना नाता रहा है। सारे विवाद उनके SP बनने के साथ ही जुड़ना शुरू हो गए थे। बस्तर SP रहने गैलेंट्री अवार्ड के लालच में आदिवासी ग्रामीणों को नक्सली बनाना हो या फिर IG बनने के बाद बिलासपुर के SP रहे 37 साल के IPS राहुल शर्मा की खुदकुशी का। राहुल शर्मा ने खुद को गोली मार ली थी। उसमें भी जीपी सिंह का नाम सामने आया था। बस्तर SP रहने के दौरान जीपी सिंह करीब 100 ग्रामीणों को रायपुर लेकर आए थे। बताया जाता है कि गैलेंट्री अवार्ड पाने के लालच में यह सब किया गया। जब उन्हें रायपुर लेकर पहुंचे तो पता चला कि नक्सली नहीं बल्कि वह सामान्य आदिवासी हैं। इसकी बाद काफी फजीहत भी हुई थी। वहीं अपने ही वरिष्ठ और मातहत अधिकारियों के साथ उनके झगड़े भी चर्चा में हमेशा रहे। एक IG के घर से लूट की रकम बरामद करने की साजिश में भी इनका नाम आया था।

SP रहते IG के बंगले पर मारा था छापा

बस्तर में ही SP रहने के दौरान जीपी सिंह ने तब IG रहे एमडब्ल्यू अंसारी के बंगले पर छापा मारा था। कहा जाता है कि जीपी सिंह की उनसे नहीं बनती थी। छापे के दौरान पीएसओ के कमरे से ढाई लाख रुपए बरामद कर लिए थे। इसके तुरंत बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर बताया कि यह ढाई लाख रुपए की रकम लूट की थी। इसके बाद IG एमडब्ल्यू अंसारी का तबादला कर दिया गया था।

राहुल शर्मा छुट्‌टी पर गए तो उनकी कुर्सी पर जूनियर को बैठा दिया
जीपी सिंह के करियर का सबसे बड़ा विवाद उनके SP राहुल शर्मा की आत्महत्या थी। तब जीपी सिंह बिलासपुर के IG और राहुल शर्मा बिलासपुर SP थे। इस दौरान दोनों के बीच कई बार झगड़े हुए। राहुल शर्मा छुट्टी में गए तो जीपी सिंह ने उनके जूनियर को प्रभार दे दिया और चैंबर में उनकी ही कुर्सी। राहुल ने बाद में खुद को गोली मार ली। सुसाइड नोट के पहले पैरा में लिखा, आई एम जस्ट सिक एंड फ्रेड ऑफ द लाइफ। सच एज इंटरफिएरिंग बॉस, सच एज एरोगेंट एंड हाटी जज… दी बोथ है रूड माई पीस ऑफ माइंड …. डिस्टर्बिंग माय फैमिली… आई चूज डैथ ओवर डिसग्रेस एंड ह्यूमिलेशन…।

सुसाइड के दिन कहा गया था, पारिवारिक विवाद में उठाया कदम
करीब 9 साल पहले SP राहुल शर्मा ने अपनी सर्विस रिवाल्वर से सिर में गोली मार ली थी। तब बताया गया था कि राहुल पारिवारिक वजहों से तनाव में थे। उनका शव ऑफिसर्स मेस में मिला था। भोजन के समय जब गनमैन उनके कमरे में पहुंचा तो शव पड़ा था। कमरे से उनका लैपटाॅप गायब था। राहुल अपने साथ हमेशा लैपटाॅप रखते थे। राहुल की सास ने कहा था कि मेरी एक ही बेटी है। राहुल मेरा दामाद है। दंतेवाड़ा और रायगढ़ में वे काफी खुश थे। बिलासपुर में ही ये सब प्राॅब्लम शुरू हुआ। मेरी बेटी और दामाद हैपी कपल थे।

पोर्च में खड़ी विभागीय कार की भी तलाशी, डिक्की तक खंगाली गई
अफसरों की नजर घर के सामने पोर्च में खड़ी कारों पर पड़ी तो रेड करने वाली टीम ने कारों की चाबी जीपी सिंह के स्टाफ से ली और उसकी तलाशी भी शुरू कर दी। पोर्च में दो कारें खड़ी थी। इसमें आईजी की विभागीय कार भी थी। अफसरों ने कार की डिक्की खोल कर, डैश बोर्ड , सीट के नीचे और तमाम जगहों को बारीकी से चेक किया। ऐसा बताया जा रहा है कि कार से कुछ फाइलें और बड़ी तादाद में पेपर्स मिले हैं। टीम ने इन्हें जप्त कर लिया है और इनकी जांच की जा रही है। सिंह की निजी कार की भी तलाशी ली गई है।

करीबी IPS अफसर पर कसा शिकंजा

इस कार्रवाई के साथ ही ADGP सिंह के करीबियों पर भी शिकंजा कसने लगा है। इसमें कई आईपीएस अफसर भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ACB टीम ने कई अफसरों और करीबियों के ठिकानों पर भी छापे मारे हैं। हालांकि अभी तक इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है। रायपुर के साथ ही जनादगांव और भिलाई में छापे की सूचना है। उनसे जुड़े सिविलियन के यहां भी छापे मारे गए हैं। अपने ही पूर्व अफसर पर ACB की कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

EOW के अफसर ने इशारों में कहा- कुछ नहीं बता सकता

आईपीएस जीपी सिंह के घर पर चल रही कार्रवाई के दौरान दोपहर के वक्त EOW के एक अफसर बाहर निकले मीडिया ने उन्हें सवालों के साथ घेर लिया। हालांकि अफसर ने हाथों से इशारा करते हुए कह दिया कि वह फिलहाल कुछ नहीं बता सकते। जीपी सिंह के घर इस वक्त 20 से अधिक कर्मचारी मौजूद है सभी अलग-अलग हिस्सों की जांच कर रहे हैं। उनके परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि जांच के बाद देर शाम या शुक्रवार को EOW के तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी जारी की जा सकती है।

खाना-पीना लेकर IPS जमे, दूधवाले को एंट्री नहीं

एसीबी के कुछ कर्मचारी बाहर आए और खाने के पैकेट लेकर अंदर गए। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह कार्रवाई लंबी चलने वाली है। एक कर्मचारी के हाथ में सूटकेस भी था। सूत्रों के मुताबिक जीपी सिंह के घर से मिले दस्तावेज और अहम सबूत इसी सूटकेस में रखे जा रहे हैं। इस बीच दूध वाला पहुंच गया, पर उसे भी एंट्री नहीं मिली। एक कर्मचारी बाहर आया और दूध लेकर अंदर चला गया। घर का गेट बंद है और अंदर या बाहर जाने की इजाजत नहीं है।

कंप्यूटर ऑपरेटर और CA के घर भी पहुंची टीम

ACB की एक टीम ने जीपी सिंह के कंप्यूटर ऑपरेटर मनी भूषण के एसबीआई के पास स्थित मकान में छापा मारा है। वहां से कंप्यूटर ऑपरेटर का पूरा सिस्टम जब्त कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि खुफिया सिस्टम से फोन सुनने के शक के चलते ऐसा किया गया है। वहीं राजनांदगांव में भी सिंह के CA के घर पर कार्रवाई चल रही है। वीआईपी रोड स्थित शगुन फार्म हाउस और प्रीतपाल सिंह के घर पार भी रेड की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *