प्रांतीय वॉच

मंत्री डहरिया को ठगी का सह आरोपित बनाने की मांग को लेकर थाना के सामने धरने पर बैठे भाजपाई

Share this

रायपुर। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नवीन मार्कंडेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल रविवार दोपहर एक बजे सरस्वतीनगर पुलिस थाना पहुंच कर आवेदन देने पहुंचा था। जहां आवेदन लेने से इनकार करने पर प्रदेशाध्यक्ष पुलिस थाना के सामने बारिश के बीच धरने पर बैठ गए। दरअसल, छह बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर 19 लाख रुपये ठगने वाले आरोपित शिवमंगल सिंह टंडन के खिलाफ सरस्वतीनगर थाने में धोखाधड़ी का अपराध दर्ज हुआ है।

ठगी के शिकार लोगों ने लिखित में शिकायत की थी कि नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया और बलरामपुर जिले के तत्कालीन कलेक्टर का नाम लेकर शातिर ठग ने नौकरी लगाने के नाम पर 19 लाख रुपये ठगे हैं। यहीं नहीं शिवमंगल सिंह टंडन ने मंत्री डहरिया को चुनाव जीतने के लिए चालीस लाख रुपये देने का भी दावा किया था। अब तक आरोपित टंडन को गिरफ्तार न किया जाना कई संदेहों को जन्म दे रहा है।

ठगी की यह घटना सामने आने के बाद उसकी गंभीरता को देखते हुए अनुसूचित जाति मोर्चा ने पूरे प्रकरण की सूक्ष्म जांच करते हुए आरोपित के स्वीकारोक्ति और आवेदकों के आधार पर मांग की है कि पुलिस तत्काल मंत्री शिव डहरिया, तत्कालीन बलरामपुर कलेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर प्रकरण में सह अभियुक्त बनाए।

सरस्तवतीनगर पुलिस थाने में धरने पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नवीन मार्कंडेय के साथ प्रदेश महामंत्री दयावंत धर बांधे, प्रदेश उपाध्यक्ष द्वय आत्माराम बंजारे, दिलीप सारथी, अनिल बाग, शरद जाल, जिला अध्यक्ष महादेव नायक, पंचू भारती, योगेश, दद्दू कुर्रे, पंकज जगत, लक्ष्मी नारायण, विशाल बाग, अरुण बेहरा, पप्पू तांडी, गौतम नायक, डमरू जगत, मेलाराम तुरकाने, पन्ना सोनवानी, अजीत छुरा, जगदीश बघेल, पप्पू कुमार, संदीप मंडल, रोहित व दीपक छाला आदि बैठे थे। बाद में पुलिस थाना प्रभारी ने लिखित शिकायत भी ली।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *