प्रांतीय वॉच

कस्तूरबा कोविड केयर सेंटर के डॉक्टरों की विशेष पहल: मरीजों को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रखने हेतु प्रतिदिन करवाया जाता है योगाभ्यास

Share this

प्रकाश नाग /केशकाल : केशकाल ब्लॉक में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमित मरीजों के आंकड़ों के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा कस्तूरबा कन्या आश्रम को सर्वसुविधायुक्त कोविड केयर सेंटर के रूप में तब्दील कर दिया गया है। यहां भर्ती होने वाले कोरोना संक्रमित मरीज 24 घण्टे डॉक्टरों की निगरानी में रहते हैं। समय समय पर डॉक्टरों द्वारा मरीजों के स्वास्थ्य की देखभाल की जाती है। इसी के साथ अब कोविड मरीजों को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए डॉक्टरों ने प्रतिदिन सुबह शाम एक से डेढ़ घण्टे तक योगाभ्यास सम्बंधित गतिविधियों की शुरुआत की गई है।

शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जीवन मे योग का विशेष महत्व है – डॉ. शुक्ला

इस विषय पर जानकारी देते हुए डॉ. प्रणय गौरव शुक्ला ने बताया कि योग का हमारे जीवन में विशेष महत्व है, योग से शरीर को मजबूत बना सकते हैं। कोरोना वायरस जैसी महामारी से बचने और अपने शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए योग करना चाहिए। कोरोना पॉजिटिव मरीजों के लिए योग काफी फायदेमंद साबित होता है। इसे ध्यान में रखते हुए कोविड केयर सेंटर के आंगन में हमारे डॉक्टरों के द्वारा प्रतिदिन सुबह-शाम न्यूनतम एक से डेढ़ घण्टे तक मरीजों का शारिरिक व मानसिक तनाव दूर करने हेतु संगीत चलाकर कपालभाति, अनुलोम विलोम, गुब्बारा फुलाना समेत विभिन्न गतिविधियां करवाते हैं। वर्तमान में हमारे सेंटर में 11 मरीज भर्ती हैं जो प्रतिदिन योगाभ्यास कर के पहले की तुलना में स्वस्थ व तंदुरुस्त महसूस कर रहे हैं।

मरीजों को समय बिताने के लिए दी गयी हैं अनेक खेल सामग्रियां

डॉ. शुक्ला ने बताया कि दिन भर मरीजों के लिए समय व्यतीत करने के लिए हमारे द्वारा खेल सामग्रियों की व्यवस्था की गई है। जिसमें मरीजों के लिए मुख्य रूप से कैरम बोर्ड, शतरंज, लूडो आदि उपलब्ध करवाया गया है। जिससे यहां भर्ती मरीज आपस में खेल कर अपना समय बिताते हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *