- जिला सीईओ ने कहा कि महिलाएं बिहान योजना से जुड़कर आर्थिक रुप से आत्मनिर्भर बने
यामिनी चन्द्राकर/ छुरा : राज्य शासन द्वारा ग्रामीण महिलाओं के स्व सहायता समूहों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने के लिए लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का आज जिला पंचायत सीईओ ने निरीक्षण किया। इस दौरान फिंगेश्वर जनपद अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। जिला सीईओ चंद्रकांत वर्मा ने शुक्रवार को फिंगेश्वर विकासखंड के गांवों में महिला स्व सहायता समूहों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया।जिला पंचायत सीईओ चंद्रकांत वर्मा ने कोपरा में जय महामाया महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित अगरबत्ती निर्माण कार्य का उद्धाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शासन आजीविका गतिविधियों में हमेशा महिलाओं के साथ है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिला स्व सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे आजीविका गतिविधियों की तारीफ की और प्रचार-प्रसार के सुझाव दिए।
निरीक्षण पर पहुंचे जिला सीईओ ने कहा कि महिलाएं बिहान योजना से जुड़कर आर्थिक रुप से आत्मनिर्भर बन रही है। साथ ही पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं के इस काम में शासन-प्रशासन उनके साथ हैं। अधिकारियो ने कोविड 19 के समय महिला स्व सहायता समूहों द्वारा दी गयी घर पहुंच सेवाओं की तारीफ की।
अधिकारी सबसे पहले ग्राम पंचायत कोपरा अंतर्गत उगता सूरज महिला ग्राम संगठन समूह का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उन्होंने समूह द्वारा संचालित सेनेटरी नेपकिन यूनिट का निरीक्षण किया। संगठन की ब्लाक अध्यक्ष श्रीमती भारती साहू ने ब्लाक में विभिन्न महिला समूहों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों की जानकारी अधिकारियों को दी।
इसके बाद अधिकारियों ने ग्राम कोपरा में ही जय महामाया महिला स्व सहायता समूह की अगरबत्ती निर्माण यूनिट का शुभारंभ किया। समूह की सचिव श्रीमती ललिता सोनी ने सेमी आटोमेटिक मशीन से अधिकारियों के समक्ष अगरबत्ती निर्माण किया। यूनिट की सदस्य श्रीमती शशिकला साहू ने अगरबत्ती निर्माण में उपयोग होने वाली कच्ची समाग्री एवं पैकिंग के संबंध में अधिकारियों को अवगत कराया।
निरीक्षण पर निकले अधिकारियों ने इस दौरान ग्राम पंचायत श्यामनगर के जय बजरंग स्व सहायता समूह द्वारा शुरू किए गए बिहान बाजार का उद्घाटन भी किया गया। यहां जनपद पंचायत फिंगेश्वर के विभिन्न समूहों द्वारा उत्पादित सामान साबुन, निरमा, अगरबत्ती, आचार, बड़ी, पापड़, मशरूम, मशरूम आचार और मसाला, आदि का विक्रय किया जाएगा। साथ ही बजरंग समूह के ही सदस्य द्वारा किए जा रहे मछली पालन एवं सब्जी बाड़ी आजीविका का अवलोकन भी अधिकारियों द्वारा किया गया निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री वर्मा और फिंगेश्वर जनपद सीईओ श्री सिदार के अलावा डीपीएम जॉब्स अमर सिंह, डीएमएम दुर्गा शंकर सोनी, बीपीएम सुप्रिया बड़ा, वायपी पिलेश्वर सिंह राजपूत, नीरज सिंह ठाकुर, मनेंद्र कुमार कुटारे, एसी नोहेंद्र मार्कण्डेय, तेजस्वी सिन्हा और पीआरपी खेलवान साहू उपस्थित रहे।