रायपुर। विधानसभा के प्रमुख सचिव चंद्रशेखर गंगराडे का कार्यकाल 31 तारीख को खत्म हो रहा है। खबर है कि श्री गंगराडे को कम से कम 3 महीने की और सेवावृद्धि दी जा सकती है। श्री गंगराडे को रिटायरमेंट के बाद 6 माह की सेवावृद्धि दी गई थी। यह अवधि 31 दिसंबर को खत्म हो रही है। सूत्रों के मुताबिक विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत कोरोना संक्रमण से उबरने के बाद फिलहाल क्वॉरंटीन हैं। इस वजह से वे शीतकालीन सत्र में सदन की कार्रवाई का संचालन नहीं कर पाए थे। सूत्रों के मुताबिक श्री गंगराडे को कम से कम 3 महीने की सेवावृद्धि और दी सकती है। यानी वे बजट सत्र तक अपने पद पर बने रहेंगे। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष को दो साल तक सेवावृद्धि देने का अधिकार है। वैसे चर्चा यह भी है कि श्री गंगराडे का कार्यकाल 6 महीने के लिए बढ़ाया जा सकता है। इसको लेकर डॉ. महंत आज-कल में फैसला ले सकते हैं। इससे पहले प्रमुख सचिव देवेन्द्र वर्मा को दो बार एक-एक साल सेवावृद्धि दी गई थी। वर्तमान में दिनेश शर्मा सचिव के पद पर हैं। श्री गंगराडे का बढ़ा हुआ कार्यकाल खत्म होने के बाद दिनेश शर्मा जिम्मेदारी संभालेंगे।
विधानसभा के प्रमुख सचिव को दी जा सकती है 3 महीने की और सेवावृद्धि, 31 को हो रहा है कार्यकाल खत्म
