प्रांतीय वॉच

राधा तिवारी ने महिला सशक्तिकरण की लिखी नई इबारत, जीता राज्यस्तरीय पुरस्कार

Share this

जानिसार अख्तर/ लखनपुर। प्रधानमंत्री पोषण अभियान हाल ही में जिसके 1000 दिन पूरे हुए, यह अभियान 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को सुपोषित करने के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित हुआ है, और इस अभियान को पूर्णतः समावेशी बनाने में आंगनवाड़ी का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है । आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के इसी योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में आउटलुक मैगजीन द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन कर विभिन्न विषयों में नामांकित कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया । ग्राम निम्हा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राधा तिवारी द्वारा विगत 25 वर्षों से आंगनवाड़ी निम्हा में दिए जा रहे विशिष्ट योगदान हेतु “पोषित भोजन भोजन अपनाने के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने” कैटेगरी के अंतर्गत पोषण अवार्ड से सम्मानित किया गया ।मार्च 2020 से समस्त देश में पूर्ण लॉकडाउन शुरू हो चुका था । इस परिस्थिति में समस्त आंगनवाड़ियों में भी ताले लग चुके थे। परंतु इस स्थिति में भी निम्हा केंद्र के समस्त शिशु, किशोरी बालिकाएं, गर्भवती एवं शिशुवती माताएं सरकार द्वारा मुहैया करवाई जा रही सुविधाओं से वंचित नहीं रहे । इस स्थिति में स्वयं को स्वस्थ रखने के साथ ही साथ सारी सुविधाओं को गाँववासियों तक पहुँचाना वास्तव में एक चुनौती भरा कार्य प्रतीत हो रहा था । परंतु कोरोना हेतु जारी की गयी समस्त सावधानियों को ध्यान में रखते हुए एवं उसका संपूर्ण पालन करते हुए महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती जसिन्ता लकड़ा एवं पर्यवेक्षक श्रीमती मीना राजवाड़े के कुशल निर्देशन में श्रीमती राधा तिवारी ने इस चुनौती पूर्ण कार्य को सफलता पूर्वक कर दिखाया । कोरोना काल के दौरान भी ग्रामीणों से गृहभेंट द्वारा मिलकर उन्हें इस तथ्य से अवगत कराया गया कि पोषण का बच्चे के जीवन में कितना महत्वपूर्ण स्थान है । घर-घर जाकर रेडी-टू-ईट-फ़ूड एवं खाद्यान्न का वितरण किया गया । विभिन्न प्रकार के मिश्रित अनाज, हरी साग-सब्जियां खाने हेतु प्रेरित किया गया । माताओं एवं परिजनों के व्यवहार में परिवर्तन लाकर शिशुओं के पोषण स्तर में वृद्धि लाना बहुत आवश्यक है, यह संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुँचाया गया । जमीन से जुड़े इन सभी प्रयासों को “आउटलुक पत्रिका” ने पहचानकर इन्हें इस राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु चयनित किया । जहाँ पूरा देश बंद था, वहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्य में इसका कोई असर नही हुआ । वे निरंतर अपने कार्य में लगी रहीं । निरिक्षण में आये हुए अधिकारियों समेत समारोह में उपस्थित अतिथियों ने भी श्रीमती राधा तिवारी के कार्य की प्रशंसा की । समारोह में मुख्य अतिथि ने प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देते हुए सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता के सम्मान से सुशोभित किया ।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *