- युवा कांग्रेस ब्लाॅक अध्यक्ष अमलीपदर पंकज मांँझी ने जताया मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार।
पुलस्त शर्मा/ मैनपुर : वनाधिकार पट्टा वाले किसानों का धान भी समर्थन मूल्य में खरीदी करने के फैसले को ऐतेहासिक बताते हुए युवा कांग्रेस ब्लॉक अमलीपदर के अध्यक्ष पंकज मांझी ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल वन पट्टाधारी किसानों की फसल का सही दाम दिलाने का रास्ता खोला है। अब वन पट्टाधारी किसान अपनी उपज को औने पौने दाम में बेचने मजबूर नही होंगे। क्षेत्र में सैकड़ो किसानों द्वारा वन अधिकार पट्टे की भूमि पर किसानी कार्य किया जाता है। अब तक समर्थन मूल्य में धान खरीदी नही हो पाने के कारण ये किसान कोचियों के हाथों ठगे जाते थे। लेकिन अब वन पट्टाधारी किसान भी सम्मान के साथ समर्थन मूल्य में धान बेच सकेंगे। यह निर्णय लेकर सीएम भूपेश बघेल ने दर्शा दिया कि पूर्व सीएम की तरह वे किसानों से झूठे वादे नही करते। बल्कि उनके हित मे काम भी करते है। श्री बघेल धरती पुत्र है इसलिए किसानों के दर्द अच्छे से समझते है। और उनके हित मे ठोस निर्णय लेते है। पंकज माँझी ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के वनाधिकार पट्टाधारी किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में वन अधिकार पट्टाधारी किसानों से भी समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर खाद्य विभाग द्वारा वन अधिकार पट्टा वाले किसानों के पंजीयन हेतु साफ्टवेयर में आवश्यक प्रावधान किया जा रहा हैं। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव द्वारा ऐसे वन अधिकार पट्टाधारी किसानों का पंजीयन करने के निर्देश सभी जिला कलेक्टरों को जारी किया गया है जिन्होंने अपने पट्टे की भूमि पर धान की फसल बोई है। इस तरह वन पट्टाधारी किसानों के लिए समर्थन मूल्य में धान बिक्री का रास्ता साफ हो गया है।

