प्रकाश नाग
( केशकाल ब्यूरो ) :- केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंगनपुर के पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार सुबह-सुबह तेज गति से जा रही कार ने विपरीत दिशा से आ रहे 1 सायकल सवार युवक व 1 पैदल चल रहे को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार में सवार चालक व अन्य लोग कार छोड़ कर फरार हो गए हैं। फिलहाल दोनों युवकों को उपचार हेतु जगदलपुर रेफर कर दिया गया है, तथा पुलिस फरार वाहन चालक की पतासाजी में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रही सोल्ड कार ने सुबह सुबह लगभग 8 बजे विपरीत दिशा से आ रहे साइकिल सवार युवक गणेशराम साहू, (सिंगनपुर) व पैदल जा रहे हृदय राम साहू (सिंगनपुर) को रौंद दिया। दुर्घटना के बाद कार में सवार चालक व अन्य लोग कार छोड़ कर फरार हो गए हैं। टक्कर इतना घमासान था कि कार के सामने के परखच्चे उड़ गए वहीं सायकल में सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
थाना प्रभारी भीमसेन यादव ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए दोनों युवकों को उपचार हेतु जगदलपुर भेजा गया है। उक्त दुर्घटना में अपराध पंजीबद्ध कर घटना में संलिप्त कार को जप्त कर केशकाल थाना में लाया गया है। चूंकि कार सोल्ड है उसमें कोई नम्बर न होने के कारण वाहन मालिक का पता नही चल पाया है। हमारी टीम कार में सवार लोगो की पतासाजी में जुटी हुई है जल्द ही इसके आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।