देश दुनिया वॉच

भारतीय जनता पार्टी की नई टीम की घोषणा, कैलाश विजयवर्गीय बने राष्ट्रीय महामंत्री, रमन सिंह, वसुंधरा राजे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

Share this
  • पूनम महाजन की जगह तेजस्वी सूर्या को युवा मोर्चा की कमान

रायपुर। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को अपनी नई टीम की घोषणा की। भाजपा की राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और पश्चिम बंगाल में भाजपा के चर्चित चेहरे मुकुल रॉय को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। वहीं भारतीय जनता पार्टी की पदाधिकारियों की सूची जारी की गई। जिसमें अबतक महामंत्री रहीं सरोज पांडेय व अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष रामविचार नेताम का नाम नहीं है। वहीं दोनों को केंद्रीय मंत्रिमंडल में लेने की अटकले लगाई जा रही है। बिहार जहां आगामी विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं वहां से सांसद राधा मोहन सिंह को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जैसी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। मध्य प्रदेश के चर्चित चेहरा कैलाश विजयवर्गीय को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या को पार्टी के युवा मोर्चा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मध्य प्रदेश में विधानसभा की 28 सीटों पर भी उपचुनाव होने वाले हैं। मध्य प्रदेश में पहले कांग्रेस की सरकार थी। लेकिन बाद में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कमलनाथ के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंक दिया था। ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कई समर्थक विधायकों ने पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद सरकार अल्पमत में आ गई थी।

कैलाश विजयवर्गीय फिर राष्ट्रीय महामंत्री बने
मध्यप्रदेश से कैलाश विजयवर्गीय फिर राष्ट्रीय महामंत्री बने। आदिवासी नेता और पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धुर्वे को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया। ग्वालियर चंबल क्षेत्र में अनुसूचित जाति वर्ग के बड़े नेता और पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य को अनुसूचित जाति मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किए गए। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और पूर्व सांसद प्रभात झा को नहीं मिला राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान। दोनों नेता पहले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर थे। राष्ट्रीय मंत्री बनाए गए अरविंद मेनन मध्य प्रदेश में प्रदेश संगठन महामंत्री रह चुके हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *