क्राइम वॉच

पैदल चल रही महिला से दिनदहाड़े लूट, स्कूटी सवार नकाबपोश ने गले से लूट लिया मंगलसूत्र, चिल्लाती रह गई महिला, किसी ने नहीं दिया ध्यान

Share this

बिलासपुर : बिलासपुर में रविवार की शाम महिला के गले से नकाबपोश युवक ने दिनदहाड़े सोने की मंगलसूत्र लूट लिया। वारदात के बाद युवक फरार हो गया। घटना सिविल लाइन थाना के ग्रीन गार्डन कॉलोनी के पास की है। पुलिस के अनुसार रश्मि सोनी रायपुर के आर्दश नगर मठपारा रहती हैं। वह 19 नवंबर को रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने सरकंडा के सीपत चौक स्थित संस्कार भवन आई हैं। रविवार की शाम करीब 4.30 बजे वह अपनी मां भगवती देवी स्वर्णकार के साथ उसलापुर-मंगला स्थित ग्रीन गार्डन कॉलोनी अपने रिश्तेदार से मिलने जा रही थी।

कॉलोनी पहुंचने से पहले आईएएस एकेडमी के पास ऑटो से उतरकर दोनों मां-बेटी पैदल जा रही थीं। तभी सामने से चेहरे में स्कार्फ बांधे युवक स्कूटी में सवार होकर आया और अचानक महिला के गले से सोने की मंगलसूत्र छीन कर भाग निकला। जेवर की कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई जा रही है। महिला कुछ समझ पाती इससे पहले ही युवक दूर भाग गया था। बाद में महिला ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। उनकी रिपोर्ट पर पुलिस अपराध दर्ज कर जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद महिला ने चिल्लाती रही और स्कूटी सवार युवक को पकड़ने की गुहार लगाती रही। लेकिन, किसी ने ध्यान नहीं दिया। कुछ लोगों ने महिला से पूछताछ कर जानकारी ली। लेकिन, तब तक लुटेरा गायब हो गया था।

CCTV के भरोसे पुलिस की जांच
इस वारदात के बाद पुलिस मौका का निरीक्षण करने पहुंची। इस दौरान पुलिस आसपास की दुकानों में लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है। इसमें लुटेरा व उसकी स्कूटी की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस अन्य संस्थानों व चौक में लगे कैमरे से भी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV कैमरे से लुटेरे व उसकी स्कूटी की पहचान कर उसकी धरपकड़ की जा सकती है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *