रायपुर वॉच

कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा, बारिश से नहीं होगा किसानों के धान का नुकसान

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश के बाद अब धान को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। भाजपा ने जहां सरकार से किसानों का पूरा धान खरीदने की मांग की है। वहीं सरकार के प्रवक्ता और मंत्री रविंद्र चौबे ने साफ किया कि इस बारिश से फसल को कोई नुकसान नहीं होगा।

सोमवार को रायपुर में मीडिया से चर्चा में मंत्री चौबे ने कहा कि जो फसल अभी खेतों में खड़ी है, उसको कोई नुकसान नहीं होगा। जो बहुत अर्ली वेरायटी की फसल किसानों ने लगा रखी थी, वह खलिहान तक ले आए हैं, उसको भी ज्यादा नुकसान नहीं होगा। फिर भी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि कहां-कितना नुकसान हो सकता है, उसका आकलन कर वे रिपोर्ट भेजेंगे। चौबे ने कहा कि धान खरीदी के लिए सरकार ने एक दिसंबर की तारीख तय की है। धान खरीदी उसी दिन से प्रारंभ होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने किसानों का पूरा धान खरीदने की घोषणा तत्काल करने की मांग की है। साय ने कहा कि एक माह देर से धान खरीदी का निर्णय लेकर प्रदेश सरकार ने किसानों को दोहरी आर्थिक चोट पहुंचाने का षड्यंत्र रचा था। बारिश के कारण किसानों का धान खेत में पानी में भीग गया। खड़ी फसल क्षतिग्रस्त हुई और अब धान कटाई की लागत भी बेहिसाब बढ़ जाएगी। ऐसे में प्रकृति की मार सह रहे किसानों का पूरा धान खरीदना तत्काल शुरू होना चाहिए। प्रदेश सरकार ने एक नवंबर से धान खरीदना शुरू कर दिया होता तो किसानों को इतना नुकसान नहीं उठाना पड़ता। विपक्ष में रहते हुए एक नवंबर से धान खरीदी का राग अलापते रहने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज सत्ता में आने के बाद से किसानों के साथ छल-कपट ही कर रहे हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *