देश दुनिया वॉच

क्या AAP में शामिल होंगे नवजोत सिंह सिद्धू, पढ़िए अरविंद केजरीवाल का जवाब

Share this

नई दिल्ली : पंजाब विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) बड़ी संभावनाएं देख रही हैं। AAP नेताओं का लगता है कि कांग्रेस में चल रहे घमासान का सबसे बड़ा फायदा उन्हीं की पार्टी को मिलेगा। इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार को लुधियाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़े वादे किए। केजरीवाल ने कहा, आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो दिल्ली की तर्ज पर यहां भी फ्री और अच्छा इलाज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की नकल करना आसान है, लेकिन काम करके दिखाना मुश्किल है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल से पूछा गया कि क्या नवजोत सिंह सिद्धू आम आदमी पार्टी में शामिल होंगे। इस पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह हाइपोथेटिकल क्वेश्चन है। समय आने पर बात की जाएगी। यानी केजरीवाल ने एक तरह से इन्कार भी नहीं किया है।

पंजाब में कौन होगा सीएम चेहरा

उम्मीद की जा रही थी कि अरविंद केजरीवाल इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के सीएम उम्मीदवाल का ऐलान करेंगे, लेकन केजरीवाल ने कहा कि समय आने पर अच्छा सीएम फेस देंगे, अभी इसके बारे में हम नहीं सोच रहे हैं। बता दें, अरविंद केजरीवाल पंजाब के लगातार दौरे कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 300 यूनिट तक बिजली फ्री देने का ऐलान किया था।

केजरीवाल के बड़े ऐलान

सभी के लिए निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा

सभी दवाएं, टेस्ट, ऑपरेशन मुफ्त होंगे

सभी के लिए स्वास्थ्य कार्ड

16000 पिंड/मोहल्ला क्लीनिक

नए विश्व स्तरीय सरकारी अस्पताल बनेंगे, पुराने को नया किया जाएगा

सभी सड़क दुर्घटना पीड़ितों का मुफ्त इलाज

इससे पहले अरविंद केजरीवाल दो दिनी पंजाब दौरे पर बुधवार को चंडीगढ़ पहुंचे थे। दिन में उद्योगपतियों को संबोधित किया। केजरीवाल ने कहा कि लुधियाना को “दुनिया का मैनचेस्टर” बनाने के व्यापारियों के लंबे समय से चले आ रहे सपने को आम आदमी पार्टी पूरा करेगी। केजरीवाल ने उद्योगपतियों के साथ अपना पांच सूत्रीय एजेंडा भी साझा किया, जिसमें कानून और व्यवस्था के साथ शांतिपूर्ण माहौल, उद्योग के प्रतिनिधियों को यह तय करने का अधिकारी कि क्या लागू किया जाना चाहिए, इंस्पेक्टर राज और भ्रष्टाचार को समाप्त करना, उद्योगपतियों के लिए 24 घंटे की हेल्पलाइन और चौबीसों घंटे सस्ती बिजली जैसी बातें शामिल रहीं।

केजरीवाल ने भी सत्तारूढ़ कांग्रेस पर भी कटाक्ष किया, जिसकी प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अचानक इस्तीफा दे दिया। सिद्धू का इस्तीफा कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री के पद से हटने के ठीक 10 दिन बाद आया। पंजाब में पार्टी ने पहले दलित सीएम के रूप में चरणजीत सिंह चन्नी की नियुक्ति की है, लेकिन सिद्धू के व्यव्हार से देशभर में पार्टी की किरकिरी हो रही है। अन्य दल इसका फायदा उठाने की कोशिश में हैं।

पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। साथ ही चार अन्य राज्यों: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में 2022 में विधानसभा चुनाव हैं। आम आदमी पार्टी पंजाब के अलावा यूपी, उत्तराखंड और गोवा में चुनाव लड़ रही है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *