नरेश राखेचा/धमतरी : दो अलग-अलग हादसों में नदी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। मेचका क्षेत्र में युवक अपने बच्चों के साथ डैम में नहाने के लिए गया था। इस दौरान नाव चलाते समय संतुलन बिगड़ने से नदी में गिर पड़ा। नदी के तेज बहाव में नाव अपने आप किनारे लगी तो बच्चे उतरकर बाहर आए और जानकारी दी। युवक का शव 24 घंटे बाद बरामद हो सका है। हादसा शनिवार को सिहावा क्षेत्र में हुआ, जहां मछली पकड़ने के दौरान युवक खुद ही जाल में फंसकर डूब गया। बोड़रगांव निवासी आशाराम सोरी (40) शुक्रवार दोपहर अपने 10 व 8 साल के दो बच्चों के साथ स्वरडैम में नहाने के लिए गया था। इस दौरान उसने अपने दोनों बच्चों नाव में बिठा लिया और खुद ही चलाते हुए आगे की ओर ले गया। इसके बाद साथ लाए तेल की शीशी निकाली और शरीर पर लगाने लगा। इस बीच जैसे ही सिर पर तेल लगाने झुका बैलेंस बिगड़ने से नदी में गिर गया। बचने के लिए वह छटपटाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। बच्चों के सामने ही नदी में समा गया।
तेज बहाव में नदी किनारे पहुंची नाव तो बच्चे घर पहुंचे
इसके बाद तेज बहाव के चलते नाव किसी तरह किनारे लग गई। इस पर दोनों बच्चे नीचे उतरे और रोते हुए घर पहुंचे और घटना की जानकारी दी। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचना दी गई, लेकिन काफी तलाश के बाद भी आशाराम का शव नहीं मिला। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया गया। इसके बाद शनिवार को लोगों ने सोढूंर नदी में शव तैरते देखा तो ग्रामीणों ने उसे बाहर निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मछली के जाल में फंसकर खुद डूब गया
दूसरी घटना सिहावा थाना क्षेत्र में हुई है। बताया जा रहा है कि स्थानीय युवक शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने के लिए गया था। इस दौरान उसका पैर जाल में फंस गया। बारिश के चलते नदी में बहाव तेज था। इस पर जाल सहित नदी में बह गया। अभी तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी है। युवक का नाम और ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ सकी है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

