प्रांतीय वॉच

आमाबेड़ा में खुलेगा सहकारी बैंक, तैयारी करने कलेक्टर चंदन कुमार ने दिये निर्देश

Share this
  • अवकाश के दिनों में नहीं लगाये जाएंगे ग्रामीण सचिवालय
अक्कू रिजवी/कांकेर : कांकेर अंतागढ़ विकासखण्ड के उप तहसील मुख्यालय आमाबेड़ा में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक का नवीन शाखा खोला जाएगा, जिसके लिए कलेक्टर चन्दन कुमार ने भवन चिन्हांकित कर वहां आवश्यक मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। आमाबेड़ा में सहकारी बैंक खुलने से उस अंचल के लोगों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी, साथ ही बैंकिंग सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री चन्दन कुमार ने विभिन्न विभागों से संबंधित प्रकरणों के निराकरण की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उक्त आशय के निर्देश दिये। शासकीय अवकाश एवं रविवार को ग्रामीण सचिवालय का आयोजन नहीं किया जाएगा, इसके लिए सभी जनपद के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं। कलेक्टर ने शाला त्यागी बच्चों का सर्वे कर चिन्हांकित बच्चों को स्कूलों में भर्ती कराने के लिए राजीव गांधी शिक्षा मिशन के जिला समन्वयक को निर्देशित किया है। राजस्व प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए उन्होंने शहरी क्षेत्रों में सीमांकन के कार्य को पूरा करने के लिए तहसीलदारों को निर्देशित किया, साथ ही डायवर्सन के प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिये। अविवादित नामांतरण एवं बंटवारा के प्रकरणों को ग्राम पंचायतों के माध्यम से निराकृत करने के लिए कहा गया। कलेक्टर श्री चन्दन कुमार ने आकांक्षी जिला के तहत् विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त उपलब्धियों की विस्तार से समीक्षा की और डेल्टा रैंकिंग में सुधार के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में अतिक्रमित शासकीय भूमि के व्यवस्थापन की विस्तृत समीक्षा भी की।गोधन न्याय योजनांतर्गत गौठानों में गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण और किसानों को विक्रय के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों की मांग के अनुरूप सहकारी समिति के माध्यम से किसानों को वर्मी कम्पोस्ट उपलब्ध कराया जावे। गौठानों में हरा चारा के लिए नेपियर घास लगाने के संबंध में पशुधन विकास विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया, साथ ही गौठानों में क्रेडा विभाग द्वारा लगाये गये सोलर पंप का संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। जिले के सभी हैण्डपंपों के पास ‘‘सोख्ता’’ बनाने के लिए मॉडल स्टीमेंट  तैयार करने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया गया है। कलेक्टर श्री चन्दन कुमार ने राजस्व प्रकरणों का निराकरण, रासायनिक खाद की उपलब्धता, पशुओं का टीकाकरण, मुख्यमंत्री हाट-बाजार योजनांतर्गत मरीजों की उपचार, जिले में कार्यरत बाल श्रमिकों का चिन्हांकन हेतु सर्वे इत्यादि के संबंध में विस्तृत समीक्षा किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे, वनमण्डलाधिकारी अरविन्द पीएम एवं मनीष कश्यप, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य सहित सभी जिला अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित थे।
Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *