रायपुर : छत्तीसगढ़ में बरसात जारी है। दिन भर रुक-रुक कर बरसात होती रही है। अगले चार घंटाें में प्रदेश के 14 से 15 जिलों में भारी वर्षा हो सकती है। आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए जिलों को चेतावनी जारी की है। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र से जारी त्वरित पूर्वानुमान के मुताबिक अगले चार घंटों में प्रदेश के 14 जिलों और उनसे लगे स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना है। जिन जिलाें के लिए यह संभावना जताई जा रही है उनमें कवर्धा, बेमेतरा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बलौदा बाजार, महासमुंद, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, कोण्डागांव और इससे लगे जिले हैं। यह चेतावनी शाम 6.30 बजे से रात 10.30 बजे तक के लिए है। सामान्य मौसम पूर्वानुमान के समय भी मौसम विभाग ने प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई थी। यह भी कहा था, भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः मध्य छत्तीसगढ़ रहने की सम्भावना है।
खतरे से बचने के लिए यह उपाय करें
जब आप घर के भीतर हों तो बिजली से संचालित उपकरणों से दूर रहें, तार वाले टेलीफोन का उपयोग नहीं करना चाहिए। खिडकियां व दरवाजे बंद कर दें बरामदे और छत से दूर रहें। इसके अलावा ऐसी वस्तुएं जो बिजली के सुचालक हैं उनसे भी दूर रहना चाहिए। धातु से बने पाइप, नल, फव्वारा, वाश बेसिन से दूरी बनाए रखें।
आप घर के बाहर हैं तो बिजली चमकते समय पेड़ के नीचे न खड़े रहें, ऊंची इमारतों वाले क्षेत्र में आश्रय न लें, समूह में खड़े होने के बजाय अलग- अलग हो जाएं। किसी मकान में आश्रय लेना बेहतर है।
सफर के दौरान अपने वाहन में ही रहें। खुली छत वाले वाहन की सवारी न करें, बाहर रहने पर धातु से बने वस्तुओं का उपयोग न करें। बाइक, बिजली या टेलीफोन का खंभा तार की बाड़ और मशीन आदि से दूर रहें। तालाब, जलाशयों अथवा पानी भरे क्षेत्रों से से दूर रहें यदि आप पानी के भीतर हैं अथवा किसी नाव में हैं तो तुरंत बाहर आ जाएं।
यात्रा शुरू करने से पहले रास्ते की स्थितियों की जानकारी ले लें। अक्सर जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। कमजोर ढांचे में न रहें।

