प्रांतीय वॉच

रायपुर में पति-पत्नी ने लगा ली फांसी, आर्थिक तंगी से परेशान थे दोनों

Share this

रायपुर : उरला इलाके के मकान से पति-पत्नी की लाश मिली। शनिवार को पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इनके कमरे का दिनभर दरवाजा बंद था। शाम होने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। इसके बाद जानकारी मकान मालिक को दी गई। मकान मालिक ने कमरे के दरवाजे को हटाकर देखा तो अंदर दोनों के शव फांसी के फंदे से लटके हुए थे। फिलहाल पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इस दंपती के आर्थिक रूप से परेशान रहने की बातें भी सामने आ रही हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि इनकी मौत के पीछे की असल कहानी साफ हो सके। उरला थाना इलाके के बेंद्री रोड पर एक मकान में दोनों किराए पर घर लेकर पिछले 4 सालों से रह रहे थे। पुलिस अब इनके घर वालों से भी पूछताछ कर रही है।

खाई थी साथ जीने की कसमें मगर…
इस केस में अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक युवक का नाम पुरुषोत्तम था। ये जांजगीर का रहने वाला था। उसे वहीं की रहने वाली रत्ना से प्यार हुआ। कुछ महीनों तक दोनों छिप-छिपकर मुलाकात करते थे। फिर रिश्ते को नया मोड़ देने के मकसद से शादी करने की सोची। रत्ना ने अपने घर वालों को अपने प्रेम संबंध के बारे में बताया। पुरुषोत्तम ने भी परिवार वालों को रत्ना से शादी करने की बात बताई। मगर तब दोनों के घर वाले नहीं मानें। साथ जीने की कसम के साथ दोनों जांजगीर छोड़कर रायुपर आकर रहने लगे।

पुरुषोत्तम सड़क किनारे मोबाइल फोन की एसेसरीज बेचने का काम करता था। ये बात भी सामने आ रही है कि रत्ना गर्भवती थी। हालांकि इसे लेकर पुलिस ने कुछ पुख्ता नहीं कहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही ये साफ हो सकेगा। अब तक परिवार के लोगों ने किसी तरह के विवाद की बात नहीं बताई है। पुलिस को शक है कि पैसों की तंगी से परेशान होकर दोनों ने साथ मरने के लिए इस तरह खुदकुशी कर ली। इनके शव पंखे से बंधे दुपट्‌टे के फंदे से मिले थे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *