क्राइम वॉच

नौकरी लगवाने का बहाना बनाकर युवती को दिल्ली बुलाया, 6 महीने तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करता रहा; शरीर में सिगरेट भी दागे, गिरफ्तार

Share this

रविशंकर गुप्ता/अंबिकापुर : अंबिकापुर जिले में युवती के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। पता चला है कि आरोपी ने युवती से पहले सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती की, फिर उसे दिल्ली बुलाकर 6 महीने तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म करता रहा। इतना ही नहीं, इस हैवान ने युवती का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। इस दौरान वह युवती के शरीर को सिगरेट से भी दागता रहा। पूरे मामले का खुलासा तब हो पाया जब लड़की ने किसी तरह आरोपी के ही फोन से अपने परिजनों को इस दिल दहला देने वाली वारदात की जानकारी दी। जिले की कोतवाली पुलिस ने दिल्ली जाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम आदित्य गुप्ता उर्फ प्रशांत गुप्ता बताया गया है।

परीक्षा देने के बहाने घर से गई थी युवती

दरअसल, आदित्य की दोस्ती कुछ महीने पहले फेसबुक के माध्यम से इस युवती से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इस दौरान युवक ने बताया कि वह एक कॉल सेंटर में काम करता है। उसने युवती से कहा, अगर तुम्हें भी काम करना है तो आ जाओ, मैं तुम्हारी भी नौकरी लगवा दूंगा। इसके बाद युवती नौकरी की चाह में 28 दिसंबर 2020 परीक्षा देने के बहाने दिल्ली चले गई।

घर का काम भी कराता था आरोपी

आरोपी युवती को दिल्ली के बस स्टैंड से अपने घर ले आया। वह उसे घर के कमरे में बंद करके रखता था और उसके साथ 6 महीने से दुष्कर्म करता रहा। वह युवती से घर का काम भी कराता था। इस बीच युवती जब कुछ दिनों तक घर नहीं लौटी, तब परिजन उसका पता लगाने की कोशिश में जुटे। इसके बाद उन्होंने युवती के लापता होने की रिपोर्ट 31 दिसंबर 2020 को दर्ज करा दी। जिसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने युवती का मोबाइल फोन तोड़ दिया था, जिसके कारण वो अपने परिजनों को इस बात की जानकारी नहीं दे पा रही थी।

अपहरण, दुष्कर्म सहित अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज

लेकिन एक दिन उसने आरोपी के ही फोन से अपने घर वालों को फोन किया और पूरे मामले की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को दिल्ली जाकर गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली टीआई रसीला टोप्पो ने बताया है कि पूरे मामले की शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी 6 महीने से युवती के साथ दुष्कर्म करता रहा और उससे घर का काम भी कराता था।

वहीं युवती ने अपने बयान में यह बात कही है कि आरोपी युवक बीते 6 महीने से घर में बंधक बनाकर युवती के साथ दुष्कर्म करता रहा। इसके साथ ही वो युवती को सिगरेट से दागता था। पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म,अपहरण सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *