बालकृष्ण मिश्रा/सुकमा : कलेक्टर विनीत नन्दनवार ने बासागुड़ा में सिलगेर ईलाके के ग्रामीणों के 40 सदस्यीय प्रतिनिधी मंडल से चर्चा के दौरान कहा कि इस घटना की निष्पक्ष जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस घटना की जांच के लिए कार्यपालिक दण्डाधिकारी श्री रूपेन्द्र पटेल डिप्टी कलेक्टर को नियुक्त किया गया है। जिनके द्वारा इस घटना की जांच सूक्ष्मता से किया जाएगा। घटना के निष्पक्ष जांच करने में ग्रामीणों को उपस्थित होकर अपना सहयोग देने की अपील की है। घटना के संबंधित पक्षों के लिए प्रशासन द्वारा आने-जाने के लिए वाहन की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही जांच अधिकारी घटना स्थल में पहुंचकर इस घटना के संबंध युक्तियुक्त जाँच करेंगे ।
क्षेत्र में अधोसंरचनाओं के विकास को मिलेगी गति
उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए शासन-प्रशासन कृतसंकल्पित है। ग्राम स्तर पर अधोसंरचनाओं का विकास किया जाएगा। सिलगेर ग्राम पंचायत में उपस्वस्थ्य केंद्र, पीडीएस दुकान, आंगनबाड़ी केंद्र का काम जल्द शुरू हो जाएगा। पेयजल हेतु अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी। उन्होने कोविड के मद्देनजर संक्रमण से बचाव के लिए ग्रामीणों को घर लौट जाने का आग्रह करते हुए कहा कि अनावश्यक भीड़ नहीं करें। स्वयं के बचाव सहित अपने घर-परिवार और समाज के लोगों को सुरक्षित रखने के लिए यह जरूरी है। इस दिशा में अपने गांव के लोगों को अवगत करायें प्रशासन के साथ संवाद की जानकारी देवें। इस दौरान कमिश्नर बस्तर संभाग श्री जीआर चुरेन्द्र, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज श्री सुंदराज पी सहित कलेक्टर बीजापुर श्री रितेश कुमार अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक बीजापुर श्री कमलोचन कश्यप भी उपस्थित रहे।

