कमलेश रजक/मुंडा : समुचा मानव जाति पर कोरोना संक्रमण के खतरे का दौर चल रहा है ऐसे विषम समय में जब लोग अपने-अपने घरों में दुबके पड़े हैं, तभी लवन नगर में स्व.श्रीमती शकुन्तला मिश्रा फ़ाउंडेशन के बैनर तले कुछ समाज सेवी युवकों ने घर से बाहर निकल कर उन लोगों की मदद कर रहे हैं जो बेघरबार हैं गरीब और असहाय हैं।
फाउंडेशन के अध्यक्ष अमर मिश्रा के साथ ऋषि मिश्रा, संतोष कुमार साहू, योगेश साहू, पवन रात्रे, श्रवण धींवर ने बस स्टैंड पहुंच कर यहां खानाबदोश जैसा जीवन यापन कर रहे आठ बेघरबार परिवारों को सूखा अनाज, नमक, तेल और सब्जियां उपलब्ध कराया है। विषम परिस्थिति में ही सज्जन मनुष्यों की पहचान होती है।
कोरोना वायरस संक्रमण के बीच “स्व.श्रीमती शकुन्तला मिश्रा फ़ाउंडेशन” ने गत वर्ष भी निरंतर ढ़ाई- तीन माह तक लॉकडाउन में लगभग पांच हजार जरुरतमंद लोगों तक पका हुआ भोजन, सैकड़ों लोगों को मास्क और सेनेटाइजर उपलब्ध करा कर जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया था। अमर मिश्रा अपने भाइयों-कुछ घनिष्ठ मित्रों के साथ मिलकर निजी तौर पर यह सेवा कार्य अपनी माता स्व.श्रीमती शकुन्तला मिश्रा(धर्मपत्नी स्व राजेन्द्र प्रसाद मिश्र) की पुण्य स्मृति में कर रहे हैं।
तत्कालीन कलेक्टर बलौदा बाजार कार्तिकेय गोयल सहित अन्य अधिकारियों ने इस कार्य का अवलोकन कर अमर मिश्रा और उनकी टीम की प्रसंशा भी की। 26 जनवरी 2021 को गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री श्री टी. एस. सिंहदेव ने अमर मिश्रा के कार्य की सराहना करते हुए मंच से उन्हें सम्मानित भी किया था। रायपुर कान्यकुब्ज समाज ने भी अमर मिश्रा को शाल श्रीफल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया था।

