रायपुर : रायपुर के राजधानी अस्पताल में अग्निकांड के 28 घंटे बाद मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए। शव के लिए परिजन अंबेडकर अस्पताल की मरच्यूरी के बाहर सुबह से लेकर शाम तक भूखे-प्यासे इंतजार में बैठे रहे। रविवार शाम करीब 6 बजे पांचों मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंपा गया। उधर, घटना के एक दिन बाद भी मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। दरअसल राजधानी हॉस्पिटल नाम के एक प्राइवेट कोविड अस्पताल में आग लगने से एक मरीज की जिंदा जलकर जबकि चार की दम घुटने से मौत हो गई थी। हादसे में 5 लोगों की मौत होने का दावा शनिवार रात को प्रशासन ने किया था। शव रात को ही अस्पताल से निकलवा लिए गए थे, पोस्टमार्टम में देरी की वजह से परिजन बेबस होकर पार्थिव देह मिलने के इंतजार में थे।
रास्ते में भागने के दौरान कुछ की मौत
5 मौतों की आधिकारिक पुष्टि के बाद रविवार की सुबह राजधानी अस्पताल के मरीजों में से 6 के शव लाए गए। सूत्रों ने बताया कि एक मरीज की मौत आग लगने की वजह से जान बचाकर भागने के दौरान हो गई। हालांकि इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से अफसर बच रहे हैं। शनिवार को किए गए सरकारी दावे के मुताबिक राजधानी अस्पताल में लगी आग की वजह से कोरोना मरीज रमेश साहू की जलने, ईश्वर राव, वंदना गजमाला,देवकी सोनकर, और भाग्य श्री की दम घुटने की वजह से मौत की वजह बताई गई थी।
वहां से लेटर आएगा तो होगा पोस्टमार्टम
पूरी रात अपनों के जलकर मर जाने का बोझिल गम झेल रहे परिजनों को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान सरकारी लेट लतीफी से दो चार होना पड़ा। मृतक रमेश साहू के भाई प्रिय प्रकाश ने बताया कि सुबह से मैं पूछता रहा कि कब हमें बॉडी मिलेगी। हर बार अस्पताल के कर्मियों की ओर से तरह-तरह की प्रक्रियाएं समझा दी जाती थी। कह देते थे, पुलिस से जानकारी नहीं आई, तहसीलदार का लेटर नहीं है, स्टाफ कम है बॉडी ज्यादा। सिर्फ मैं ही नहीं ये बातें सुनकर अन्य चार मृतकों के परिजनों भी परेशान थे कि आखिर करें क्या?
प्रबंधन के नाम पर FIR दर्ज, अब तक किसी पर भी कार्रवाई नहीं
महिला उत्पीड़न के मामले में एक दिन में केस कोर्ट पहुुंचाने का रिकॉर्ड रखने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस अक्सर ऐसे हादसों में त्वरित कार्रवाई करने का कोई रिकॉर्ड पेश नहीं कर पाती। इस मामले में भी मृतकों के परिजनों को कई तरह की पेचीदगियां बताई जा रही है। कागजी कार्रवाई में लगने वाला समय पीड़ितों को सिर्फ और सिर्फ परेशान कर रहा है। राजधानी अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ टिकरापारा थाने में वक्त रहते FIR दर्ज कर ली गई है, मगर अब तक कार्रवाई किसी के भी खिलाफ नहीं हुई है, अफसर कह रहे हैं छानबीन जारी है।
अब सभी अस्पतालों का फायर ऑडिट याद आ गया
अब संचालनालय स्वास्थ्य सेवाओं के दफ्तर से एक आदेश जारी हुआ है। यह छत्तीसगढ़ के सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को जारी किया गया है। इसमें लिखा गया है कि शासकीय और प्राइवेट अस्पतालों की फायर सेफ्टी ऑडिट की जानी है। सभी प्राइवेट अस्पताल फायर ऑडिट किए जाने की जानकारी चीफ मेडिकल अफसर को दें। सरकारी अस्पतालों का भी फायर ऑडिट होगा। आदेश में ये भी कहा गया है कि प्राइवेट अस्पतालों में नर्सिंग होम एक्ट, के तहत सुविधा, बनावट, दस्तावेज की छापा मारकर जांच करें। हर तीन महीने में इस तरह की जांच होते रहनी चाहिए।
इस तरह हुआ था हादसा
पचपेड़ी नाका इलाके में राजधानी नाम के कोविड अस्पताल में शनिवार की दोपहर आग लगी। इसकी वजह अब तक शॉर्ट सर्किट को बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में अस्पताल में आग बुझाने के कोई इंतजाम, इमरजेंसी एग्जिट और वेंटिलेशन का प्रॉपर इंतजाम नहींं मिला है। रात के वक्त जिला कलेक्टर डॉक्टर एस भारतीदासन और सीनियर SP अजय यादव घटनास्थल पर पहुंच गए थे। हादसे के बाद 19 मरीजों के दूसरे अस्पताल और 10 को यशोदा अस्पताल भेजा गया। मृतकों के परिजनों के लिए सरकार ने 4-4 लाख रुपए का मुआवजा देने का एलान किया है।

