- बरसात के लिए किया जा रहा रेत भंडारण, सड़को की स्थिति हो रही खराब
कमलेश रजक/ मुंडा : सत्ता बदल गई, समय बदल गया, लेकिन माफियाओं का राज नहीं बदला, नदी से रेत का अवैध उत्खनन भाजपा राज में भी होता था और अब कांग्रेस राज में भी बदस्तूर जारी है। बल्कि यह काला कारोबार अब और तेज हो चला है। रेत माफियाओं के हौसले बुलंद है। लवन तहसील क्षेत्र के ग्राम अमलडीहा में रेत का अवैध उत्खनन जोरों पर चल रहा है। अवैध उत्खनन कर जमकर कमाई की जा रही है। क्षेत्र के नदी में जिस तरह से बेखौफ होकर रेत का उत्खनन किया जा रहा है, इसके चलते वह दिन दूर नहीं जब नदी के बहाव ही बदल सकती है। इसका खामियाजा नदी किनारे बसे गांव, भालूकोना, तुरमा, अमलडीहा, डोंगरीडीह, सिंघारी, नारायणपुर सहित अन्य गांव के ग्रामीणों को भुगतना पड़ सकता है। इस बात की परवाह रेत माफिया को नहीं है। आश्चर्य की बात है कि लगभग सभी जगहों पर खनिज विभाग के नाक के नीचे रेत का उत्खनन व रेत का स्टोरेज रेत माफियों के द्वारा बदस्तूर जारी है। फिर भी विभाग द्वारा कार्रवाही नहीं की जा रही है। इसका फायदा उठाते हुए रेत ठेकेदार ने अपनी मनमानी जारी की है कहीं पर भी लीज एरिया से हटकर खुलेआम रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। रेत घाट अमलडीहा से इन दिनों दिन-रात रेत का अवैध उत्खनन जमकर किया जा रहा है। अधिकारियों की मिली भगत से बिना रायल्टी के खुलेआम अवैध खनन किया जा रहा है। रेत निकालने के लिए जहंा ढाई फीट की अनुमति है इसके बावजूद 7 से 10 फीट तक खुदाई की जा रही है। शासन द्वारा निर्धारित दर सूची से 8-10 गुना रेत की कीमत वसूल की जा रही है। वही, रेत माफिया चितावर मुख्य मार्ग पर बरसात के सीजन के लिए नियम विरूद्व तरीके से रेत का भंडारण भी किया जा रहा है। वही रेत माफिया लीज क्षेत्र से हटकर नारायणपुर क्षेत्र में रेत का उत्खनन और परिवहन कथित माफियाओं के द्वारा करवाया जा रहा है। स्वीकृत दायरे बाहर जाकर खुलेआम रेत का उत्खनन कर रहे है। इससे शासन का लाखो, करोड़ों का राजस्व का नुकसान तो हो ही रहा है, साथ ही महानदी का अस्तित्व भी खतरे में जाता जा रहा है। वही, तीन साल पहले ही लाखो, करोड़ो रूपये की लागत से भालूकोना, तुरमा मार्ग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई थी। जो अभी वर्तमान में रात-दिन क्षमता से अधिक रेत वाहन चलने से सड़क की हालत दयनीय हो गई है। जगह-जगह पर जानलेवा बड़े-बड़े गढ्ढे निर्मित हो चूकी है, दोपहिया वाहन चालक आये दिन इस रोड पर दुर्घटना के शिकार हो रहे है। फिर भी विभाग के जिम्मेदारों द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
इस संबंध में जिला खनिज अधिकारी एम चन्द्रशेखर का कहना है कि जैसे ही जानकारी मिलता है, वैसे ही पहुंचकर कार्यवाही किया जा रहा है, फिर भी अवैध रूप से लीज से हटकर रेत खनन कार्य किया जा रहा है तो देखवाता हॅू।
एम चन्द्रशेखर,
जिला खनिज अधिकारी
लीज एरिया हटकर दूसरे जगह पर रेत का उत्खनन किया जा रहा है तो उस पर कार्यवाही होनी चाहिए। शासन द्वारा जिस जगह को चिन्हाकिंत कर ठेके पर दिया गया है, उसी जगह पर उत्खनन होना चाहिए।
युवती वर्मा जनपद सदस्य

