CG HIGH COURT: When will the new president be appointed in CGPSC? High Court seeks response from government
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के अध्यक्ष की नियुक्ति में हो रही देरी को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने राज्य शासन और आयोग को नोटिस जारी कर 14 दिसंबर तक नियुक्ति प्रक्रिया की स्थिति स्पष्ट करने और प्रगति रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। हाईकोर्ट ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय-सीमा में नियुक्ति नहीं होने पर कठोर कार्रवाई की जा सकती है।
मामले की सुनवाई के दौरान राज्य शासन की ओर से बताया गया कि CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वहीं अध्यक्ष का पद रिक्त होने के कारण मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के इंटरव्यू अटके हुए हैं। इस पर याचिकाकर्ता की ओर से सुझाव दिया गया कि नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति होने तक कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त कर इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है।
चीफ जस्टिस कृष्ण राम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान 26 अक्टूबर को दिए गए आदेश के बावजूद अब तक नियुक्ति नहीं होने पर नाराजगी जताई। कोर्ट ने राज्य शासन और आयोग को 14 दिसंबर को नियुक्ति प्रक्रिया के साथ-साथ लंबित इंटरव्यू की स्थिति पर भी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि नियुक्ति में अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं है। तय समय में प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर कठोर कदम उठाए जा सकते हैं। अब इस मामले में 14 दिसंबर को होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
सितंबर में खत्म हुआ कार्यकारी अध्यक्ष का कार्यकाल
पीएससी में नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति लंबे समय से नहीं हुई है। आयोग पिछले तीन साल से कार्यकारी अध्यक्ष के भरोसे काम कर रहा था। पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रीता शांडिल्य का कार्यकाल 8 सितंबर 2026 को खत्म हुआ। इसके बाद से आयोग में न नियमित अध्यक्ष है और न कार्यकारी अध्यक्ष। इसका असर भर्ती से जुड़े फैसलों और लंबित प्रक्रियाओं पर पड़ रहा है।
150 से 155 पदों का विज्ञापन अटका
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में अध्यक्ष का पद खाली होने के कारण आयोग इस साल संविधान दिवस पर 26 नवंबर को राज्य सेवा परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी नहीं कर सका। नई भर्ती के लिए करीब 150 से 155 पदों का विज्ञापन तैयार है। इसमें डिप्टी कलेक्टर के 10 और डीएसपी के 5 पद शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अध्यक्ष की नियुक्ति और उनके हस्ताक्षर के बाद ही विज्ञापन जारी हो सकेगा।
CGPSC अध्यक्ष का पद खाली होने के कारण राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत 265 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा पास कर चुके 608 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू भी लंबित है। पुलिस विभाग की एसआई भर्ती परीक्षा और करीब 5 हजार सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामले अटके हुए हैं। पदोन्नति में देरी के कारण पात्र कर्मचारियों को मिलने वाले वित्तीय और सेवागत लाभ भी समय पर नहीं मिल पा रहे हैं।

