BREAKING CG NEWS

SUNDAY SPECIAL तिरछी नजर: मंत्री को फटकार…

Share this

प्रदेश सरकार के एक मंत्री के खिलाफ ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। भाजपा के विधायक भी पार्टी फोरम में मंत्री के कामकाज को लेकर नाराजगी जता चुके हैं। लेकिन इस बार मामला कुछ अलग है। मंत्री के अपने नजदीकी रिश्तेदार ही उनके विभाग की कार्यप्रणाली से परेशान हो गए। दुखी होकर वे कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री के पास पहुंच गए और अपना दुखड़ा सुना दिया। पूर्व मंत्री ने भी तत्काल मंत्री को फोन लगाकर फटकार लगा दी।

बताते हैं कि मंत्री के नजदीकी रिश्तेदार अपने ट्रांसफर से जुड़े काम के लिए काफी कुछ न्योछावर कर चुके थे। इसके बावजूद काम नहीं हुआ तो परेशान होकर पूर्व मंत्री के पास पहुंच गए। पूरी कहानी सुनने के बाद पूर्व मंत्री ने सीधे मंत्री को फोन लगाया और सख्त लहजे में कहा कि आम लोगों का भले ही काम मत कीजिए, कम से कम अपने रिश्तेदार का तो लिहाज कर लेते। अचानक आई इस फटकार से मंत्री हड़बड़ा गए और उन्होंने काम दिखवाने की बात कही। अब इस पूरे घटनाक्रम की राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा हो रही है।

आईजी के सामने भिड़ गए दो एसपी…

पुलिस महकमे में बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट है। कुछ जिलों के एसपी अपनी जगह बदलने की कोशिश में हैं। इसी बीच एक आईजी के सामने दो एसपी आपस में भिड़ गए। मामला दिवाली मिलन के दौरान का है। आईजी को शुभकामनाएं देने पहुंचे दोनों एसपी के बीच बातचीत का सिलसिला ट्रांसफर-पोस्टिंग और प्रमोशन तक पहुंच गया।

बताते हैं कि आपसी चर्चा में एक एसपी ने दूसरे एसपी से कह दिया कि वे उनकी जगह आने के लिए प्रयास कर रहे हैं। यह बात दूसरे एसपी को नागवार गुजरी और उन्होंने तत्काल नाराजगी जता दी। देखते ही देखते माहौल गरमा गया। बात बढ़ती देख आईजी को बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराना पड़ा। दरअसल, अगले महीने पुलिस महकमे में दर्जनभर से अधिक आईपीएस अधिकारियों का प्रमोशन होना है। प्रमोशन के बाद तबादलों की भी संभावना है। ऐसे में कुर्सियों को लेकर अभी से महकमे में हलचल तेज हो गई है।

सोशल मीडिया में ट्रेंडिंग का चस्का…

इन दिनों सभी राजनीतिक दलों और नेताओं का सोशल मीडिया पर फोकस बढ़ गया है। स्मृति ईरानी ने पिछली बैठक में सोशल मीडिया टीम को कुछ टास्क दिए और मुद्दों को ट्रेंड कराने के निर्देश दिए। टीम ने मुद्दे तय किए और पूरी ताकत झोंक दी। नतीजा यह हुआ कि शाम तक खबर ट्रेंड करने लगी। भाजपा के प्रवक्ताओं और नेताओं तक स्मृति ईरानी का संदेश पहुंच गया। जोरदार मेहनत के बाद जब खबर देशभर में पहुंची तो भाजपा हाईकमान की ओर से भी बधाई संदेश आने लगे।

दूसरी तरफ कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम का गठन पिछले छह महीने से अटका हुआ है। प्रदेश के नेताओं ने टीम के लिए नामों की सूची हाईकमान को भेज दी है, लेकिन मंजूरी का इंतजार अब तक खत्म नहीं हुआ। आखिरकार थक-हारकर पिछले दिनों एक एजेंसी को काम सौंपकर पार्टी ने अपनी इज्जत बचाने की कोशिश की है। भाजपा जहां ट्रेंडिंग के जरिए अपनी ताकत दिखा रही है, वहीं कांग्रेस अभी अपनी टीम को ही अंतिम रूप देने में जुटी है।

आंदोलन के बहाने पोल-खोल…

पटवारी आंदोलन खत्म कराने के लिए कई तरह के प्रयास हो रहे हैं। ईओडब्ल्यू ने पुराने मामलों को खंगालते हुए कुछ पटवारियों को नोटिस भी जारी किए, लेकिन इसका आंदोलन पर कोई खास असर नहीं पड़ा। पटवारियों के कई बड़े नेताओं और अफसरों से अच्छे संबंध हैं। इन संबंधों के जरिए भी आंदोलन खत्म कराने और बातचीत से रास्ता निकालने के संदेश भिजवाए गए। लेकिन पटवारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। उनका आंदोलन लगातार विस्तार लेता जा रहा है।

इसी बीच एक अफसर ने पटवारी से सवाल किया कि क्या आपके यहां कोई ऐसा है, जो बिना पैसे लिए काम करता हो? इस पर पटवारी ने भी पलटकर जवाब दिया। उसने पूछा कि किस-किस की जमीन नापी है, किसको जमीन दिलवाई है और कहां-कहां फार्म हाउस हैं? इतना ही नहीं, शिक्षा संस्थानों और पावर प्लांट में भी निवेश होने की जानकारी होने का संदेश भिजवा दिया। अब आंदोलन के बहाने कौन किसकी पोल खोल रहा है, यह चर्चा का विषय है।

दीवाली गिफ्ट 

राज्य सरकार के मंत्री-अफसरों की दीवाली बढ़िया रही है। खूब गिफ्ट मिले। एक कारोबारी नेता, अफसर के घर दीवाली मिलने गए, तो वो ये देखकर हैरान रह गए कि अफसर के कमरा गिफ्ट से भरा हुआ था। बैठने के लिए तक जगह नहीं थी। आखिरकार नेताजी बाकी अफसरों को गिफ्ट देने के बजाए रिटायर्ड अफसरों को गिफ्ट देना मुनासिब समझा।

दूसरी तरफ, मंत्री बंगले में भी यही स्थिति थी। एक युवा नेता ने तो मंत्रीजी के पीए को पटा कर एक गिफ्ट निकलवा लिया और मंत्रीजी को ही भेंट कर दिया। मंत्रीजी ने मंहगा गिफ्ट देखकर गदगद हो गए और गले लगा लिया। उन्हें समझाइश भी दी कि पार्टी के लोगों को इतना खर्च करने की जरूरत नहीं है। जो लोग यह देख रहे थे वो मुस्कुराए बिना नहीं रह सके।

मंत्रियों के पीछे कौन, बन रही सूची…

प्रदेश मंत्रिमंडल के मंत्रियों के स्टाफ और पर्दे के पीछे सक्रिय बड़े खिलाड़ियों पर अब संगठन की नजर है। कौन किस तरह के काम में सक्रिय है और किसकी वजह से सरकार की छवि प्रभावित हो रही है, इसकी अलग सूची तैयार की जा रही है। मंत्रियों के कामकाज के दौरान भ्रष्टाचार से जुड़ी खबरें लगातार सामने आने के बाद भाजपा संगठन ने यह कवायद शुरू की है। कुछ मंत्रियों के बंगलों में सक्रिय लोगों को हटाया भी गया है, जबकि कुछ को लगातार चेतावनी देकर स्थिति सुधारने की कोशिश की जा रही है। अब देखना है कि संगठन की यह निगरानी सिर्फ सूची बनाने तक सीमित रहती है या पर्दे के पीछे के खिलाड़ियों पर वास्तव में कार्रवाई भी होती है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *