Nepal Helicopter Crash: Two helicopters collide near Mount Everest, Indian citizen killed
काठमांडू। नेपाल में आज मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया है। सोलुखुम्बु हेलीपैड पर दो हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर हो गई। लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टरों के आपस में टकरा जाने से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
नेपाल पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 8:11 बजे हुआ, जब ‘फिशटेल एयर’ और ‘डायनेस्टी एयर’ के हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान आपस में टकरा गए।
पुलिस इंस्पेक्टर मौसम तमांग ने बताया कि मृतक की पहचान वसंत कुमार बालारामरामाडु के रूप में हुई है, जो एक भारतीय नागरिक थे और फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे।
उसी हेलीकॉप्टर में सवार भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल भी इस टक्कर में घायल हो गए। तमांग ने बताया कि उन्हें प्रभु हेलीकॉप्टर के जरिए काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया। दोनों पायलटों को भी मामूली चोटें आईं और उन्हें आगे के इलाज के लिए काठमांडू ले जाया गया।
टक्कर के समय दोनों हेलीकॉप्टरों में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने कहा कि वे इस घटना के बारे में और जानकारी जुटा रहे हैं।
लैंडिंग के दौरान टकराए हेलीकॉप्टर
घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह माउंट एवरेस्ट क्षेत्र के फेरिचे में दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय ‘फिशटेल एयर’ और ‘एयर डायनेस्टी’ के हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। ‘फिशटेल एयर’ के एक यात्री की मौत हो गई है और पायलट (कैप्टन) घायल हो गए हैं।
‘फिशटेल एयर’ के हेलीकॉप्टर को कैप्टन प्रज्ज्वल केसी उड़ा रहे थे, जबकि ‘एयर डायनेस्टी’ के हेलीकॉप्टर की कमान कैप्टन रबिंद्र प्रजापति के पास थी। कैप्टन प्रजापति घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि ‘सिमरिक एयर’ का एक हेलीकॉप्टर घटनास्थल पर पहुंच गया है और बचाव अभियान जारी है।

