BREAKING CG NEWS

भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें कर्तव्य, साहस, नीति, कर्म और लोककल्याण की प्रेरणा देता है: भावना बोहरा

Share this

The life of Lord Shri Krishna inspires us with the values of duty, courage, ethics, action, and public welfare: Bhavna Bohra.

रायपुर: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पंडरिया विधानसभा में भक्ति, उल्लास और भारतीय संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली। विधायक भावना बोहरा के मार्गदर्शन में भारतीय जनता युवा मोर्चा, पंडरिया विधानसभा द्वारा पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान, पंडरिया में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं भव्य दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजन में पंडरिया, कुई-कुकदुर एवं दुल्लापुर मंडल की टोलियों ने दही हांडी प्रतियोगिता में भाग लिया जहाँ बड़ी संख्या में युवाओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और दही हांडी प्रतियोगिता ने पूरे परिसर को उत्साह और उमंग से भर दिया। इस दौरान पंडरिया, कुई-कुकदुर एवं दुल्लापुर मंडल से 15 टोलियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया जिसमें ग्राम रौहा और ग्राम केसलीगोडान की टीम ने प्रथम स्थान, ग्राम मैनपुरा की टीम ने द्वितीय एवं स्टार गोल्ड पंडरिया की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

 

भगवान श्रीकृष्ण की आराधना और जयघोष के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने टीम भावना, साहस, अनुशासन और एकजुटता का शानदार परिचय दिया। दही हांडी फोड़ने के लिए प्रतिभागी टोलियों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले ने उपस्थित लोगों को खूब उत्साहित किया। बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने तालियों और जयकारों के साथ प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने दही हांडी प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागी युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार ₹25,000 एवं ट्रॉफी, उपविजेता टीम को ₹15,000 एवं ट्रॉफी तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ₹11,000 एवं ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत से अधिक महत्वपूर्ण युवाओं की सहभागिता, आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयास की झलक महत्वपूर्ण है। यह एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि हमारी भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़ने का एक अवसर है जो हमें हमारी संस्कृति से जोड़ता है।

 

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि कर्तव्य, साहस, नीति, कर्म और लोककल्याण की प्रेरणा भी देता है। जन्माष्टमी जैसे पर्व हमारी नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। दही हांडी प्रतियोगिता इसी सांस्कृतिक परंपरा का उत्साहपूर्ण स्वरूप है, जिसमें युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा मिलती है और टीमवर्क, अनुशासन एवं नेतृत्व जैसे गुणों का विकास होता है। पंडरिया विधानसभा में विकास की गति के साथ क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत को सहेजने तथा उत्सवों को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास भी निरंतर किया जा रहा है। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ लाने का कार्य करते हैं। जब युवा अपनी परंपराओं और संस्कृति के उत्सवों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं, तो यह हमारी सांस्कृतिक विरासत के मजबूत भविष्य का संकेत होता है।

 

भावना बोहरा ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता केवल संगठनात्मक गतिविधियों में ही नहीं, बल्कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से भी समाज के साथ सक्रिय रूप से जुड़ रहे हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा को सकारात्मक मंच मिलता है और उनमें नेतृत्व, संगठन, सहयोग तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। मैं इस भव्य आयोजन के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आयोजन से जुड़े सदस्यों को बहुत-बहुत बधाई देती हूँ। यह आयोजन पंडरिया विधानसभा में विकास और संस्कृति दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ने की दिशा में जनभागीदारी ही सबसे बड़ी शक्ति है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए अवसरों के विस्तार के साथ हमारी संस्कृति और परंपराओं को भी नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।

 

विदित हो कि पंडरिया विधानसभा के विभिन्न मंडलों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता के आयोजन की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसके अंतर्गत पंडरिया, कुई-कुकदुर एवं दुल्लापुर मंडल के संयुक्त आयोजन में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान, पंडरिया में यह भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। कल 5 सितम्बर को बजरंग चौक, दशरंगपुर में इन्दौरी एवं रणवीरपुर मंडल में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन होगा जहाँ इन दोनों मंडलों की टोलियां प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगी। आयोजन में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला एवं पंडरिया विधानसभा के समस्त पदाधिकारी व कार्यकर्ता, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *