BREAKING CG NEWS

अपोलो से घर जाने निकला युवक होटल के कमरे में मिला मृत, सुसाइड नोट मिलने से मचा हड़कंप

Share this

बिलासपुर। तेलीपारा स्थित शारदा होटल में कोरबा के एक ट्रांसपोर्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान दीपका बेलटिकरी निवासी 25 वर्षीय प्रतीक कुमार जायसवाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रतीक अपनी दादी के इलाज के लिए 28 अगस्त को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल आया था। 30 अगस्त को उसका भाई उसे अस्पताल से ऑटो में बैठाकर घर के लिए रवाना हुआ था लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। मोबाइल बंद मिलने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

इसी दौरान बैंक खाते की जानकारी खंगालने पर पता चला कि 30 अगस्त को तेलीपारा रोड स्थित शारदा होटल में 2500 रुपये का भुगतान किया गया था। संदेह के आधार पर परिजन 31 अगस्त को होटल पहुंचे और कर्मचारियों से जानकारी ली। होटल प्रबंधन ने बताया कि प्रतीक कमरा नंबर 117 में ठहरा हुआ है। कमरे के बाहर से आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला जिसके बाद मास्टर चाबी से कमरा खोला गया। अंदर प्रतीक मृत अवस्था में मिला।

कमरे की तलाशी के दौरान एक कथित सुसाइड नोट भी मिलने की बात सामने आई है जिसमें तनाव और अवसाद का जिक्र होने की जानकारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। पुलिस अब होटल में युवक के ठहरने, मौत के कारण और कमरे से मिले कथित सुसाइड नोट समेत अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *