New city to be developed near Naya Raipur! RDA’s major plan spanning 355 acres.
रायपुर, 18 अगस्त। कमल विहार के बाद आरडीए ने करीब 16 साल बाद एक और टाउनशिप योजना शुरू की है। नवा रायपुर के नजदीक पिरदा और ग्राम तुलसी की करीब 355 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित इस टाउनशिप के लिए भू-स्वामियों से दावे-आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। योजना के तहत 879 भू-स्वामियों से आपत्ति-दावे मांगे गए हैं।
आरडीए के सीईओ अवनीश शरण ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि पिरदा और तुलसी में प्रस्तावित योजना की अधिसूचना जारी कर दी गई है। दोनों गांवों के भू-स्वामियों से दावे-आपत्तियां बुलाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित योजना में भू-स्वामियों को 40 प्रतिशत विकसित जमीन वापस करने का प्रावधान रखा गया है। पूरी प्रक्रिया दिसंबर तक पूरी करने का लक्ष्य है।
बताया गया कि यह कमल विहार के बाद आरडीए की दूसरी बड़ी टाउनशिप योजना है। अफसरों का कहना है कि इस बार योजना तैयार करते समय कमल विहार में सामने आई समस्याओं और कमियों को ध्यान में रखा गया है। पिरदा और तुलसी में चिह्नित करीब 355 एकड़ जमीन के भू-स्वामि नियोजित विकास के बाद विकसित भूमि का वापस दिया जाएगा।
बताया गया कि प्रस्तावित टाउनशिप में सडक़, नाली, जलापूर्ति, सीवरेज, बिजली, पार्क और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। आवासीय और व्यावसायिक उपयोग के लिए अलग-अलग जमीन चिन्हित की जाएगी। योजना में निजी निवेशकों की भागीदारी का भी प्रावधान रखा गया है।
गौरतलब है कि आरडीए की पिछली बड़ी टाउनशिप योजना कमल विहार के क्रियान्वयन में कई तरह की दिक्कतें सामने आई थीं। योजना के चलते आरडीए पर भारी वित्तीय दबाव आया और करीब 400 करोड़ रुपये का कर्ज होने की बात सामने आई थी। हालांकि अब आरडीए इस कर्ज से उबर चुका है।
नई योजना में आरडीए का प्रयास है कि जमीन के नियोजन से लेकर अधोसंरचना विकास और भू-स्वामियों को विकसित जमीन लौटाने तक की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी हो। अफसरों के मुताबिक प्रस्तावित पिरदा-तुलसी टाउनशिप की पूरी प्रक्रिया दिसंबर तक पूरी करने का लक्ष्य है।

