बिलासपुर: बिलासपुर जिले के कोटा रोड स्थित गनियारी के पास मंगलवार को अंडों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद वाहन में लदे हजारों अंडे सड़क पर बिखर गए और बड़ी संख्या में अंडे टूट गए। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन वाहन मालिक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
पिकअप तेज रफ्तार में जा रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे पिकअप सड़क पर पलट गया। वाहन पलटते ही उसमें रखी अंडों की ट्रे सड़क पर फैल गईं और अधिकांश अंडे फूट गए। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटाने और यातायात सामान्य करने की कार्रवाई की गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस हादसे से वाहन मालिक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से बारिश के मौसम में सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

