FIRE NEWS: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सड्डू इलाके में स्थित कवल मल्टीलेयर प्लास्टिक फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरा गोदाम इसकी चपेट में आ गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
दमकल की 5 गाड़ियां जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। अब तक दमकल की 5 गाड़ियां आग बुझाने के कार्य में जुटी हैं, जबकि और वाहनों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसके अलावा पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम भी मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पत्रकारों को वीडियो और फोटो लेने से किया मना
गौरतलब है कि आग की कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों को फैक्ट्री परिसर में प्रवेश करने से रोका गया और रिपोर्टिंग के दौरान उनके साथ बदसलूकी की गई। वीडियो जर्नलिस्ट को भी कैमरा चलाने से रोक दिया गया। इस घटना के बाद पत्रकारों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। यह पूरा मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही संभव होगा।

