CG Crime News: Illegal Hunting of Nilgai; Accused Arrested with the Help of Dog Squad
धमतरी : वन परिक्षेत्र केरेगांव में अज्ञात शिकारियों द्वारा नीलगाय का शिकार किए जाने की घटना से वन विभाग में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी एवं वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 मार्च 2026 को सुबह लगभग 7:30 बजे बांसीखाई बीट के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक-121 में एक नर नीलगाय जिसकी उम्र लगभग 3 से 4 वर्ष मृत अवस्था में पाई गई।
मौके पर निरीक्षण के दौरान उसके गर्दन, पेट एवं पिछले हिस्से में तीर लगे पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हो गया कि शिकारियों द्वारा सुनियोजित तरीके से उसका शिकार किया गया है.
जांच के दौरान उदन्ती-सीतानदी टाइगर रिजर्व, गरियाबंद से डॉग स्कॉड ने घटनास्थल से मिले तीर की गंध के आधार पर सीधे ग्राम डोकाल निवासी आरोपी मन्नू पिता लहर सिंह के घर तक पहुंचकर उसे चिन्हित किया। पूछताछ में आरोपी के खिलाफ शिकार करने के पुख्ता सबूत मिले हैं। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है
डीएफओ धमतरी ने बताया कि वन्यप्राणियों के अवैध शिकार को रोकने के लिए वन विभाग द्वारा उड़नदस्ता स्ट्राइक फोर्स, गुप्तचर तंत्र और सतत निगरानी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने आम नागरिकों और ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के वन अपराध की जानकारी तत्काल नजदीकी वन कार्यालय या विभागीय अधिकारियों को दें।

