CG Weather News: Orange Alert Issued for Rain and Thunderstorms in Chhattisgarh for the Next 3 Days; Possibility of Hailfall as Well.
CG Weather News : छत्तीसगढ़ में मौसम ने पिछले तीन दिनों में अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विभाग (IMD) रायपुर केंद्र की ताजा रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश के साथ ओले गिरे हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए चेतावनी दी है कि प्रदेश में अंधड़ और बिजली गिरने के साथ ओलावृष्टि हो सकती।
अगले 3 दिन मौसम रहेगा ऐसा
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी संभावना है।
अलर्ट जारी
IMD ने अगले 5 दिनों का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है :-
- 19-20 मार्च: गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश का अलर्ट,
- 21 मार्च को हल्की बारिश और 30-40 किमी/घंटा की हवा,
- 22-25 मार्च मौसम सामान्य, कहीं-कहीं हल्की बारिश या सूखा के आसार हैं।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, आंधी-तूफान के दौरान खुले में न रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें, ओलावृष्टि के समय सुरक्षित स्थान पर शरण लें, किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का यह दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करने की जरूरत है।

