रायपुर। अवधपुरी आदर्श मोहल्ला विकास समिति, देवेंद्र सिटी रोड अवधपुरी, भाटागांव रायपुर द्वारा फाग महोत्सव एवं होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रायपुर विधायक सुनील सोनी रहे, जिन्होंने बड़ी संख्या में मौजूद क्षेत्रवासियों के साथ होली की खुशियां साझा की।
समारोह की शुरुआत रंग-गुलाल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुई। इस दौरान स्थानीय कलाकारों और बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में रहवासी शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुनील सोनी ने अवधपुरी क्षेत्र के विकास के लिए 10 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
समारोह में समिति के अध्यक्ष चित्ररतन प्रसाद गुप्ता, सचिव डॉ. विनोद सिंह ठाकुर सहित समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मिलकर आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली का पर्व मनाने का संदेश दिया।
समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और रहवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और आपसी सद्भाव को मजबूती मिलती है।

