CG NEWS: रायगढ़। जिले के छाल क्षेत्र के पुसलदा गांव में प्रधानमंत्री सड़क मार्ग के तहत कराए गए पुल और रिटर्निंगवाल (दीवार) निर्माण में गंभीर अनियमितता के आरोप लगे हैं। ग्राम पंचायत पुसलदा की सरपंच कमला बाई राठिया ने तहसीलदार को लिखित शिकायत सौंपते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक खेदापाली से पुसलदा मार्ग पर करीब 54 लाख रुपए की लागत से तीन छोटे पुलों का निर्माण कराया गया। इसके अलावा पुसलदा से बेहरामुड़ा मार्ग पर मिट्टी कटाव रोकने के लिए रिटर्निंगवाल बनाई गई। सरपंच का आरोप है कि दीवार निर्माण में मानक के अनुरूप सरिया (लोहे की छड़) का उपयोग नहीं किया गया। इतना ही नहीं, निर्माण के बाद दीवार पर जरूरी पानी का छिड़काव भी नहीं किया गया, जिससे सीमेंट उखड़ने लगा है और पूरी संरचना कमजोर दिखाई दे रही है।
सरपंच ने इसे गुणवत्ताहीन और लापरवाहीपूर्ण निर्माण बताते हुए कहा कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि सीसी रोड निर्माण कार्य भी तय मानकों के अनुसार नहीं हुआ। निर्माण के दौरान पुरानी पानी निकासी नाली और पाइपलाइन को तोड़ दिया गया, लेकिन अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे ग्रामीणों को आवागमन और जल निकासी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों में भी इस मामले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। अब सबकी निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि क्या जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या मामला फाइलों में दबकर रह जाएगा।

