नई दिल्ली।।लोकसभा में जारी गतिरोध खत्म होने के संकेत मिलते दिख रहे हैं। स्पीकर ओम बिरला के साथ फ्लोर लीडर्स की बैठक के बाद विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सदन के सुचारू संचालन को लेकर बड़ा बयान दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि “एक समझौता हुआ है” और लोकसभा की कार्यवाही 10 फरवरी से सामान्य रूप से चलाई जाएगी।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चेंबर में हुई इस अहम बैठक के बाद राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि फिलहाल इस बात पर सहमति बनी है कि सदन को व्यवस्थित तरीके से चलाया जाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष सदन में अपनी बात रखना चाहता है और अब उन्हें बोलने का अवसर दिया जाएगा।
राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि “हम सदन में जो बोलना चाहते हैं, वह हमें बोलने दिया जाएगा। इसी सहमति के आधार पर आगे की कार्यवाही चलेगी।”
गौरतलब है कि बीते कई दिनों से लोकसभा में हंगामे और कार्यवाही के ठप होने का दौर चल रहा था। अब स्पीकर के साथ हुई बैठक और विपक्ष की सहमति के बाद यह माना जा रहा है कि संसद का गतिरोध टूट सकता है और 10 फरवरी से सदन की कार्यवाही पटरी पर लौटेगी। राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को सरकार और विपक्ष के बीच वर्किंग अंडरस्टैंडिंग के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे संसद के सुचारू संचालन की उम्मीद बढ़ गई है।

