FIRE IN BUS: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे खरोरा इलाके में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बलौदाबाजार से रायपुर आ रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना खरोरा थाना क्षेत्र के भैंसा गांव के पास की है, जहां कुछ ही मिनटों में बस धू-धू कर जलने लगी।
बस में आग लगते ही चालक और कंडक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। समय रहते यात्रियों को बाहर निकाल लेने से कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग इतनी भयावह थी कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
आग का कारण फिलहाल अज्ञात
बस में आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। घटना की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कुछ देर के लिए मचा हड़कंप
इस घटना के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी और यातायात प्रभावित रहा, लेकिन हालात जल्द ही सामान्य कर लिए गए। यात्रियों ने चालक और कंडक्टर की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि अगर समय पर बस खाली नहीं कराई जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

