अक्कू रिजवी/ कांकेर। कांकेर ज़िला उत्तर बस्तर कांकेर भाजपा द्वारा आज कमल सदन में पत्रकार वार्ता आहूत की गई जिसमें पूर्व सांसद पूर्व मंत्री विक्रम देव उसेंडी ने उपस्थित पत्रकारों के आगे भाषण देते हुए ऐलान किया कि 22 जनवरी 2021 को हमारी पार्टी द्वारा प्रदेश सरकार की किसान नीति के विरोध में धरना प्रदर्शन किया जाएगा तथा कलेक्टोरेट का घेराव किया जाएगा। इस अवसर पर गिरफ्तारियां होने की भी संभावना है और हम भाजपा के कार्यकर्ता गिरफ्तारियां देने से पीछे नहीं हटेंगे। विक्रम उसेंडी ने ने आगे कहा कि विगत 2 वर्षों में कांग्रेस शासन विफलता के रिकॉर्ड स्थापित कर चुकी है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं और कांग्रेस सरकार लगातार वादाखिलाफी करती जा रही है। इसी महीने 13 जनवरी को भाजपा ने प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बड़े स्तर पर धरना प्रदर्शन आयोजित किए थे फिर भी कांग्रेस सरकार किसानों की समस्याओं से मुंह मोड़े रही अब 22 जनवरी का घेराव सहित धरना प्रदर्शन कार्यक्रम सभी जिलों में होगा और उसमें प्रदेश भाजपा की शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति रहेगी। रायपुर में प्रदेश प्रभारी श्रीमती पुरंदेश्वरी तथा बिलासपुर में सह प्रभारी नितिन नवीन उपस्थित रहेंगे। हमारी प्रमुख मांगें रहेंगी कि बारदाना के बहाने धान खरीदी रोकने का जो प्रयास चल रहा है, उसे रोका जाए गिरदावरी रिपोर्ट के माध्यम से जो रकबा कम करने का षड्यंत्र किया गया है, उसे समाप्त किया जाए। किसान जितना धान ला रहे हैं ,उसका दाना दाना खरीदा जाए। किसानों का पूरा बकाया एकमुश्त भुगतान किया जाए। बकाया बोनस का भी भुगतान किया जाए। दिवंगत किसानों के परिजनों को 25 लाख की अनुग्रह राशि दी जाए। मंडी टैक्स समाप्त किया जाए। प्रदेश का बजट प्रदेश के लिए ही इस्तेमाल किया जाए। भाजपा की पत्रकार वार्ता में सांसद मोहन मंडावी, वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप जायसवाल जी, चौहान जी ,जिला अध्यक्ष सतीश लाटिया जी सहित अनेक कर्मठ कार्यकर्ता मौजूद थे।
प्रेसवार्ता में विक्रम उसेंडी का बोल कहा 22 जनवरी को भाजपा कलेक्ट्रेट घेरेगी

