सन्नी खान/ बालोद : कलेक्टर जनमेजय महोबे ने आज शाम संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष मे जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक ली। उन्होंने जिले में कोविड-19 टीकाकरण की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एस.के.सोनी ने बताया कि जिले में 16 जनवरी 2021 को कोविड-19 का टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होनंे बताया कि प्रथम चरण में जिले के तीन संस्थाओं जिला चिकित्सालय बालोद, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवरी और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अर्जुन्दा को टीकाकरण केन्द्र के रूप में विकसित किया गया है। इन केन्द्रों पर शासन द्वारा प्रेषित मार्गदर्शिका के आधार पर सुविधाएॅ उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 टीकाकरण के लिए प्रत्येक केन्द्र में डॉक्टर व हेल्थ स्टॉफ की ड्यूटी निर्धारित की गई है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सोनी ने बताया कि जिले को राज्य से कोविसील्ड वैक्सीन 3,840 डोज आज प्राप्त हो चुकी है। जिसका रखरखाव जिला कोल्ड चेन सेंटर बालोद में सुरक्षित रखा गया है। इसका वितरण टीकाकरण केन्द्रों को नियमानुसार किया जाएगा। बैठक में एस.डी.एम. बालोद श्री आर.एस.ठाकुर, कोविड-19 टीकाकरण के जिला नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक दीवान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.पी.मेश्राम, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. भूमिका वर्मा सहित खण्ड चिकित्सा अधिकारी आदि मौजूद थे।
कलेक्टर ने की कोविड-19 टीकाकरण की तैयारी की समीक्षा

