- अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशानिर्देश
प्रकाश नाग/ केशकाल : छत्तीसगढ़ स्कूली शिक्षा विभाग की महती योजनाक उत्कृष्ट विद्यालय योजना के तहत चयनित शासकीय बालक उ.मा. विद्यालय का निरीक्षण करने के लिए रविवार को बस्तर संभाग के कमिश्नर जीआर चुरेंद्र केशकाल दौरे पर थे। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान समेत नगर के वरिष्ठ जनो ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। स्वागत के पश्चात कमिश्नर ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया साथ ही सम्बंधित अधिकारियों को विद्यालय परिसर में आवश्यक सौंदर्यीकरण, जीर्णोद्धार व अन्य गतिविधियों के सम्बंध में जल्द से जल्द आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाने हेतु आदेशित किया।
बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप प्रदेश भर में उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में विकसित करने हेतु प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर एक विद्यालय को चयनित किया गया है। जिसमें आगामी सत्र से अंग्रेजी माध्यम में पाठशाला के साथ साथ विद्यार्थियों के लिए ग्रंथालय, कम्प्यूटर लैब, साइंस लैब, खेल मैदान आदि का निर्माण करवाया जाएगा। इसी क्रम में केशकाल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को भी अंग्रेजी माध्यम स्कूल के रूप में विकसित करने हेतु चयनित किया गया है।
आज इसका निरीक्षण करने आये कमिश्नर चुरेन्द्र ने सर्वप्रथम विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं से शैक्षणिक गुणवत्ता व व्यवस्थाओं के सम्बंध में जानकारी लिया। इसके पश्चात कमिश्नर ने विद्यालय परिसर के सभी कक्षों व शौचालयों का भी निरीक्षण किया। जहां शौचालय में फैली गन्दगी को लेकर कमिश्नर ने नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द से जल्द शौचालय में साफ-सफाई करवाने हेतु आदेशित किया। साथ ही सम्बंधित अधिकारियों को विद्यालय परिसर में आवश्यक सौंदर्यीकरण, जीर्णोद्धार व अन्य गतिविधियों के सम्बंध में जल्द से जल्द आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाने हेतु आदेशित किया। इस दौरान केशकाल एसडीएम दीनदयाल मंडावी, कोंडागांव जिला स्रोत समन्वयक महेंद्र पांडे, जनपद सीईओ सी.एल नाग, केशकाल खंड शिक्षा अधिकारी सी.एल मंडावी, नगर पंचायत सीएमओ नामेश कावड़े, पीडब्ल्यूडी एसडीओ के.एल साहू आदि मौजूद रहे।