प्रांतीय वॉच

कांकेर में धूल प्रदूषण पर एसडीओ राजस्व, ने संबंधित अधिकारियों को लगाई फटकार

Share this

अक्कू रिजवी/ कांकेर। कांकेर शहर में विशेषकर सुभाष वार्ड तथा अन्नपूर्णा वार्ड मुख्य मार्ग पर उड़ने वाली धूल से लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा तथा संविधान प्रदत्त अधिकार ( अनुच्छेद 21 एवं 48 ) के उल्लंघन पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ने अधिवक्ता डाकेश्वर सोनी की शिकायत पर 4 संबंधित अधिकारियों को एक पत्र द्वारा जमकर फटकार लगाई है तथा इस संबंध में कौन-कौन सी कार्यवाही की गई है इसका ब्यौरा मांगा है, जिसकी वजह से हड़कंप मचा हुआ है। उल्लेखनीय है कि अधिवक्ता डाकेश्वर सोनी ने कांकेर शहर तथा विशेष कर सुभाष वार्ड एवं अन्नपूर्णा पारा से गुजरते मुख्य मार्ग के दोनों ओर 24 घंटे उड़ती धूल तथा हजारों वाहनों के आने जाने से मार्ग के जर्जर होते जाने पर विगत मई माह से शिकायत की हुई थी तथा नवीनतम शिकायत 24 तारीख को की गई थी। इस पर संज्ञान लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ने सकारात्मक कदम उठाया है और सरकारी धन की बर्बादी करने वाले इस मार्ग की मरम्मत एवं यातायात नियंत्रण आदि के विषय में संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है। ज्ञातव्य है कि बार-बार इस सड़क की मरम्मत करनी पड़ती है जिसकी वजह से जनता तथा सरकार के खजाने से करोड़ों रुपयों का ऐसा खर्च हो रहा है, जिसे रोका जा सकता है ताकि सही मरम्मत और वाहनों को दूसरे रास्ते पर चलाने से इस मार्ग पर धूल का उड़ना तथा मार्ग का जर्जर होना रुक सकता है। आशा की जाती है कि इस पत्र के पश्चात संबंधित विभागों को अपना आलस्य छोड़कर सड़क निर्माण तथा संधारण के कार्य में पूरी तरह से ध्यान देना ही होगा।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *