बिलासपुर

सघन पुलिस चेकिंग पॉइंट में लाखों के जेवरात व नकदी जप्त ; वहीं कई आरोपी भी गिरफ्तार किए गए

Share this

सघन पुलिस चेकिंग पॉइंट में लाखों के जेवरात व नकदी जप्त ; वहीं कई आरोपी भी गिरफ्तार किए गए

– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। आचार संहिता लागू होने के बाद चुनाव आयोग के निर्देश पर बिलासपुर के‌ चौदह स्थानो पर चेकिंग पॉइंट बनाकर आने जाने वाले संदिग्ध लोगों की जांच की जा रही है। इसी दौरान एक प्राइवेट व्हीकल से 93 लाख रुपए मूल्य के सोने और सोने से बने आभूषण मिले। कोई वैध दस्तावेज पेश न कर पाने के कारण पुलिस ने इसे जप्त कर लिया है। यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में देवकीनंदन चौक में की गई। इसी भांति खपरगंज कबाड़ी लाइन में एक व्यक्ति के पास से नगद 5 लाख 61 हज़ार रुपये पुलिस ने जप्त किए हैं। यह कार्रवाई सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा की गई।


सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराते बदमाश भी अलग- अलग थाना क्षेत्र में गिरफ्तार हुए हैं। कोटा पुलिस ने इस तरह की सूचना के बाद कोटसागर पारा निवासी पूरण धुर्वे और नेवरी झगड़ा खंड कोरिया निवासी रवि कुमार को गिरफ्तार किया। इस संबंध में पुलिस को सूचना मिली थी कि शराब भट्टी कोटा के पास दो व्यक्ति चाकू लहरा कर लोगों को डरा धमका रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की।
सिरगिट्टी पुलिस ने भी अवैध हथियार के साथ सिरगिट्टी नयापारा निवासी आकाश निर्मलकर को पकड़ा। उसके पास से एक चाकू बरामद हुआ, जिसे लेकर वह लोगों को डरा रहा था। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की कार्यवाही की है।
इधर पुरानी रंजिश को लेकर मस्तूरी में जान लेवा हमला करने वाले एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गत 2 अक्टूबर की शाम सहोरण यादव के होटल के सामने राकेश कुमार निरनेजक पर इलाके के बाहुबली और कांग्रेस नेता के भाई द्वारा किए गए हमले में कुछ आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। इसी मामले में पुलिस ने अब नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बलमजीत सिंह अनंत और एक नाबालिक को पकड़ा है। दोनों ग्राम मोहतरा के निवासी है। इन लोगों ने भी राकेश निरनेजक के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *