CG Assembly Special Session: रायपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लोकसभा से पारित नहीं हो पाने पर 30 अप्रैल को छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र आहुत किया जा रहा है. सत्र के दौरान अधिनियम के पारित नहीं होने पर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा.
विधानसभा के विशेष सत्र की जानकारी देते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि सरकार की ओर से 30 अप्रैल को विशेष सत्र आयोजित करने का आग्रह हुआ. विधानसभा अध्यक्ष तय करेंगे कि कितने दिन का सत्र होगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने आधी आबादी को उनके संवैधानिक अधिकार से वंचित करने का काम किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि उनके अधिकार दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा.
वहीं उप मुख्यमंत्री साव ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहे जाने पर कहा कि कांग्रेस घटिया और निम्न स्तर की राजनीति कर रही है. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का इस तरह की भाषा का उपयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ लोगों का अपमान है. कांग्रेस अपनी गिरती हुई राजनीति का परिचय दे रही है.
शिव डहरिया ने संभाला कांग्रेस का मोर्चा
वहीं विधानसभा के विशेष सत्र पर पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने कहा कि इस तरह का कोई प्रावधान प्रजातंत्र में नहीं है. अगर है तो विपक्ष को भी एक दिन का मौक़ा दें. उनकी पोल खोलकर रखेंगे. किस तरह से प्रजातंत्र का मखौल उड़ाया है, महिलाओं के अधिकारों को खत्म करने का काम मोदी सरकार कर रही है. उन सबके बारे में बताया जाएगा. जो बिल लोकसभा और राज्यसभा में पास हो गया है, उसे लागू करना चाहिए. 2028 और 2029 के चुनाव में उसे लागू करना चाहिए.

