CG Crime News: Shots Fired from Retired Army Soldier’s Pistol During Petty Dispute; Chaos Ensues at the Scene
जांजगीर : जांजगीर-चांपा जिले में एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, पामगढ़ थाना क्षेत्र के व्यासनगर गांव में हिमांशु किराना स्टोर के पास रिटायर्ड आर्मी के जवान गुलशन श्रीवास ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर पंकज कश्यप पर गोली चला दी।
गोली पंकज कश्यप की जांघ में लगी जिसके बाद आसपास के लोगों ने तत्काल घायल युवक को पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया।
डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया। फिलहाल घायल युवक की हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गुलशन श्रीवास और उसके भाई को हिरासत में ले लिया है। बता दे की गुलशन श्रीवास भारतीय सेना के सिग्नल कोर में हवलदार पद से सेवानिवृत्त है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी प्रकार का बड़ा विवाद नहीं था, लेकिन मामूली कहासुनी ने अचानक उग्र रूप ले लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।

