CG Crime: दुर्ग। हत्या के प्रयास के एक मामले की जांच के दौरान दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रतिबंधित धारदार हथियार की ऑनलाइन डिलीवरी करने के आरोप में मिशो के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 16 फरवरी को बोरसी निवासी सुमन मारकण्डे (33 वर्ष) ने थाना पद्मनाभपुर में हमले की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 15 फरवरी की रात करीब 9:45 बजे आरोपी प्रकाश यादव ने पुरानी रंजिश के चलते उनके पति शिवनंदन मारकण्डे पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान मुख्य आरोपी प्रकाश यादव को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था। विवेचना में आरोपी के मेमोरेण्डम और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह सामने आया कि घटना में इस्तेमाल किया गया प्रतिबंधित धारदार हथियार ऑनलाइन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म मिशो से 14 सितंबर 2025 को ऑर्डर कर मंगाया गया था।
डिजिटल साक्ष्य और ऑनलाइन ऑर्डर से जुड़े दस्तावेज जब्त
मामले की जांच में पुलिस ने संबंधित कंपनी मिशो के एरिया मैनेजर लोकोप्रियो बानिक (26 वर्ष) निवासी असम और डिलीवरी से जुड़े विवेक वर्मा उर्फ विकु (26 वर्ष) निवासी दुर्ग को नोटिस जारी कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों द्वारा प्रतिबंधित हथियार की आपूर्ति से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। पुलिस जांच में यह पाया गया कि ई-कॉमर्स माध्यम से प्रतिबंधित धारदार हथियार की आपूर्ति आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(क), 27(3) तथा धारा 5 और 7 का उल्लंघन है। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने प्रकरण में डिजिटल साक्ष्य और ऑनलाइन ऑर्डर से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन माध्यम से किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या अवैध वस्तुओं की खरीद-फरोख्त से बचें। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

