BREAKING CHATTISGARH STATE FOUNDATION

CG Teacher Recruitment: 2300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का दांडी मार्च

Share this

CG Teacher Recruitment: रायपुर। सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के अंतर्गत डीएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर अभ्यर्थियों ने गुरुवार को नया रायपुर स्थित तूता धरना स्थल से शांतिपूर्ण दांडी मार्च निकाला। मार्च में बड़ी संख्या में डीएड अभ्यर्थियों ने भाग लेते हुए राज्य सरकार से 2300 सहायक शिक्षक पदों पर जल्द नियुक्ति देने और न्यायालय के आदेशों का पालन करने की मांग की।

 

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन के तहत आमरण अनशन का आज 79वां दिन है, लेकिन इसके बावजूद शासन की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे अभ्यर्थियों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

 

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि माननीय हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद सहायक शिक्षक भर्ती के तहत 2300 पद अब भी रिक्त हैं, जबकि हजारों प्रशिक्षित डीएड अभ्यर्थी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं।

 

दांडी मार्च के माध्यम से अभ्यर्थियों ने शासन-प्रशासन का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करने की कोशिश की। उनका कहना है कि न्यायालय के आदेशों का सम्मान करते हुए सरकार को जल्द से जल्द रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।

 

अभ्यर्थियों ने राज्य सरकार से मांग की है कि सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के अंतर्गत 2300 पदों पर तत्काल नियुक्ति दी जाए और योग्य डीएड अभ्यर्थियों को न्याय प्रदान किया जाए।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *